पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैतूल में हुआ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन।
गीव टू गेन थीम पर हुआ कार्यक्रम, महिलाओं के योगदान पर की चर्चा। शिक्षिकाओं को मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित ।

बैतूल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैतूल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (115वां) का आयोजन गीव टू गेन थीम पर हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जीवन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, मेडिकल, राजनीति, रक्षा और सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं के महत्व और योगदान को रेखांकित किया गया। साथ ही परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए महिला दिवस के महत्व और अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों पर अपने विचार और भावनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय प्रमुख प्राचार्य आर.एन. पांडेय ने महिलाओं के त्याग, समर्पण, साहस, शक्ति और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा समाज में महिलाओं को शिक्षा, सम्मान, समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यालय की सभी विदुषी शिक्षिकाओं को विद्यालय और समाज के प्रति उनके योगदान के लिए प्राचार्य द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन कला शिक्षिका सीमा साहू के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक ए.आर. डांगे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षिका अर्पिता हजारे, मुख्य अध्यापक भरत धोटे, आर.के. पंडोले, संजय सोनी, जगदीश लोखंडे और उदय प्रताप सिंह सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।




