अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आठनेर सीएचसी में महिला स्वास्थ्य कर्मियों का किया सम्मान ।

बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल में सेवाएं दे रही महिला स्टाफ नर्स और महिला स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान कर उनके समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सराहा गया।
कार्यक्रम में ब्लाक मेडिकल अधिकारी डॉ सचिन आहतकर सहित पल्ल्वी डोंगरे, वछला कनाठे, बंडू चढोकार, अक्षय डोंगरे, मुन्ना आवठे, गोपाल डोंगरे, रूपेश डोंगरे, हेमंत राठौड़ सहित अस्पताल का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। इस अवसर पर बीएमओ ने महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत नींव में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि महिला स्वास्थ्य कर्मचारी केवल अस्पताल तक सीमित नहीं रहतीं, वे गांव-गांव तक जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं और मरीजों की सेवा में दिन-रात समर्पित रहती हैं। कठिन परिस्थितियों में भी उनका धैर्य, संवेदनशीलता और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है और स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भागीदारी व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाती है।
इस अवसर पर महिला स्टाफ नर्सों और महिला स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान कर उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।





