चोपना क्षेत्र को न उजाड़े, लोगों की रोजी रोटी न छीने सरकार: निलय डागा।

स्वागत ठुकराकर व्यापारियों के साथ खड़े हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष, नोटिस कार्रवाई को बताया भाजपा की तानाशाही।

 

बैतूल। चोपना में पक्के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद 58 दुकानदारों को जारी किए गए नोटिसों के विरोध में 02 फरवरी को कांग्रेस ने विशाल धरना प्रदर्शन किया, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा प्रमुख रूप से शामिल हुए।

कार्रवाई के विरोध में आयोजित धरने में निलय डागा के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करना चाहा, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि वे किसी स्वागत के लिए नहीं, व्यापारियों और दुकानदारों के दुख में शामिल होने आए हैं। धरना स्थल से जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि चोपना क्षेत्र को उजाड़ने और लोगों की रोजी-रोटी छीनने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बीते दिनों चोपना में पक्के अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई की गई थी। इसी कार्रवाई के दौरान 58 दुकानदारों को हटने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए। नोटिस मिलने के बाद बाजार के व्यापारियों में असंतोष है। उनका कहना है कि वर्षों से संचालित दुकानों पर अचानक कार्रवाई ने परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि जनता वोट विकास और सुरक्षा के लिए देती है, न कि अपनी रोजी-रोटी पर संकट देखने के लिए। गौरतलब है कि यहां अधिकांश दुकानदार भारतीय जनता पार्टी के समर्थक बताए जा रहे हैं, इसके बावजूद कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने राजनीति से ऊपर उठकर उनका समर्थन करना जरूरी समझा। उनका कहना था कि जब मामला रोजी रोटी और परिवारों के भविष्य का हो तो दलगत विचार पीछे रह जाते हैं।

धरने के दौरान यह मुद्दा भी उठा कि रोजी-रोटी के सवाल को हिंदू-मुस्लिम की राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। निलय डागा ने कहा कि 58 दुकानों को किसी धर्म के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि नागरिक अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए।

धरना प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्‍यक्ष निलय विनोद डागा, पूर्व विधायक ब्रम्‍हा भलावी, जनपद अध्‍यक्ष घोड़ाडोंगरी एवं विधानसभा प्रत्‍याशी राहूल उइके, विधानसभा प्रभारी लवलेश बब्‍बा राठौर, चोपना ब्‍लॉक प्रभारी सुरेन्‍द्र सिंह राजपूत, ब्‍लॉक अध्‍यक्ष मनेन्‍द्र मंडल, मंडलम अध्‍यक्ष नितईकर, वरिष्‍ठ नेता अमरिश मंडल, बिकास शाह, किशोर विश्‍वास, केवलप्रसाद कहार, छन्‍नालाल काकोडि़या, नकल सिंह, मंजीत विश्‍वास, आकाश विश्‍वास, दिलीप मृधा सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button