बैतूल में शराबखोरी के खिलाफ विभिन्न समाजों का निर्णायक मोर्चा।
एसपी, कलेक्टर को सौंपा संयुक्त ज्ञापन । अवैध शराब निर्माण-विक्रय पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन की चेतावनी।

बैतूल। जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में तेजी से बढ़ती शराबखोरी, अवैध मदिरा निर्माण और सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन से बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर विभिन्न समाज संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सर्व गोंड, गवली, कुनबी, कोरकू एवं मेहरा समाज संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को संयुक्त ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि शराब के नशे में मारपीट, उपद्रव, गाली-गलौज, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, घरेलू हिंसा तथा सामाजिक, धार्मिक और मांगलिक आयोजनों में हुड़दंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन घटनाओं से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो गया है।

समाज संगठनों ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय को जिले में फैलती गंभीर समस्या बताया है। उनका कहना है कि यह सामाजिक बुराई के साथ कानूनन दंडनीय अपराध है, जिस पर कठोर अंकुश लगाना आवश्यक है। ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि आदतन शराबियों पर निवारक कार्रवाई की जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और विवाह, धार्मिक तथा अन्य मांगलिक आयोजनों में शराब सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो सामाजिक संतुलन और अधिक बिगड़ सकता है।
समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की तो वे उच्च प्रशासनिक अधिकारियों एवं वैधानिक मंचों का सहारा लेने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में भूरा यादव, जिला अध्यक्ष संत सिंगाजी गवली समाज संगठन, मुन्ना मानकर जिला अध्यक्ष कुनबी समाज, संतुलाल सूर्यवंशी अध्यक्ष मेहरा समाज, संदीप धुर्वे जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य, चैतराम कासदे अध्यक्ष संघर्षशील कोरकू समाज संगठन जिला बैतूल, राकेश गंगारे, अध्यक्ष ढोलेवार सूर्यवंशी कुनबी समाज संगठन, शिव गंगारे संगठन सचिव बैतूल, गोपाल बिहारे जिला कोषाध्यक्ष मेहरा समाज संगठन तथा युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंद्रभान बडौदे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



