3 करोड़ की कचरा सफाई में बड़ा खेल! बैतूल में CMO और उपयंत्री निलंबित;
लीगेसी वेस्ट घोटाले पर गिरी गाज:|

बैतूल। कचरा निस्तारण परियोजना में सामने आई गंभीर गड़बड़ियों ने प्रशासनिक तंत्र को हिला दिया है। ट्रेचिंग ग्राउंड की सफाई के नाम पर नियमों की अनदेखी और भुगतान में कथित अनियमितताओं के चलते नगर पालिका के दो जिम्मेदार अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
बैतूल नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया और उपयंत्री जतिन पाल को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई किदवई वार्ड स्थित गौठाना ट्रेचिंग ग्राउंड में संचालित लीगेसी वेस्ट डंप साइट की सफाई परियोजना में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद की गई है।
कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि परियोजना का कार्य निर्धारित शर्तों और तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं किया गया। इसके बावजूद ठेकेदार को नियमों के विपरीत भुगतान जारी कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कचरा निस्तारण की प्रक्रिया अधूरी और मानकों से कमतर रही, जिससे आर्थिक अनियमितताओं के साथ-साथ पर्यावरणीय जोखिम भी उत्पन्न हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने दोनों अधिकारियों के तत्काल निलंबन के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, नर्मदापुरम संभाग रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, ट्रेचिंग ग्राउंड से लीगेसी कचरा हटाने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये का ठेका दिया गया था, लेकिन कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे। स्थानीय नागरिक लंबे समय से दुर्गंध, जल प्रदूषण और वायु प्रदूषण की शिकायत कर रहे थे।
इस मामले को लेकर बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पूर्व में नाराजगी जताई थी। उन्होंने पहले कलेक्टर से जांच की मांग की थी। बाद में अपर प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई। इसके पश्चात आयुक्त नगरीय प्रशासन का बैतूल दौरा हुआ और लौटते ही यह सख्त कार्रवाई सामने आई।




