मंदिर भूमि विवाद में एसपी से शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग।

बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम सावंगी निवासी मां बगलामुखी साधक एवं सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र मानकर ने मंदिर भूमि विवाद और कथित अभद्र व्यवहार को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी से भेंट कर मंदिर एवं निवास परिसर के सीसीटीवी फुटेज प्रस्तुत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

आवेदन के अनुसार, ग्राम में स्थित सार्वजनिक भगवान शिव मंदिर की भूमि को लेकर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में 17 नवंबर 2025 को पुलिस द्वारा ग्राम में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पंचनामा तैयार किया गया था तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 फरवरी को उनकी अनुपस्थिति में थाना आठनेर में पदस्थ पुलिस अधिकारी रघुवंशी कुछ लोगों के साथ उनके निवास पर पहुंचे और परिजनों से कथित रूप से अभद्र भाषा में बातचीत करते हुए मानसिक दबाव बनाया। शिकायतकर्ता का दावा है कि उक्त घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है, जिसे उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दिखाया है।
इसके अलावा 19 फरवरी को उन्हें थाना आठनेर बुलाकर आधार कार्ड एवं फोटो लाने को कहा गया, जबकि रिपोर्ट के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि न्यायालय में मामला पंजीबद्ध होने के बावजूद उनकी सामाजिक एवं धार्मिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
रविन्द्र मानकर ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।




