अखंड हनुमान चालीसा पाठ में 8 मंडलों ने दी संगीतमय प्रस्तुति।
सुबह 6 से शाम 6 बजे तक चला अखंड पाठ, महिला मंडल ने किया दीप यज्ञ संचालन।

बैतूल। सदर क्षेत्र में सोमवार को श्यामराव कोसे के निवास पर अखंड हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। अखंड हनुमान चालीसा का शुभारंभ सुबह 6 बजे हुआ और शाम 6 बजे विधिवत पूर्णाहुति की गई। दिनभर भक्ति संगीत और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पूर्णाहुति के उपरांत गायत्री दीप यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की आहुति अर्पित कर सभी के लिए सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की गई। दीप यज्ञ का संचालन महिला मंडल द्वारा किया गया।

हनुमान चालीसा पाठ में आठ मंडलों ने संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। बजरंग रामायण मंडल ससुन्द्रा के सूर्यकांत माथनकर, बजरंग रामायण मंडल बैतूल के रुपराव उकंडे एवं सुखचंद मालवी, गायत्री महिला मंडल से श्रीमती सराटकर, प्रगति महिला मंडल मानस नगर की प्रतीका चौकीकर, जय गुरुदेव सेवा मंडल गौठाना के बीआर नागले, रामायण मंडल गौठाना के देवराव देशमुख व सरजेराव पडलक तथा रामायण मंडल टिकारी के डॉ. आर.डी. मालवीय ने भक्ति प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के मानिकराव लोखंडे ने भारतीय संस्कृति और संस्कारों पर प्रकाश डाला। आयोजन के अंत में आयोजक श्यामराव कोसे ने सभी मंडलों के संचालकों का श्रीफल और दुपट्टा भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन गायत्री परिवार के जिला सह समन्वयक रविशंकर पारखे द्वारा सभी धर्मप्रेमी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।




