जेएच कॉलेज में राज्य स्तरीय अंतरविश्वविद्यालयीन पिट्टू प्रतियोगिता शुरू, 12 संभागों की टीमें मैदान में

पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल विजेता तय, इंदौर-उज्जैन-रीवा आगे

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जे.एच. कॉलेज में सोमवार 16 फरवरी को राज्य स्तरीय अंतरविश्वविद्यालयीन महिला एवं पुरुष पिट्टू प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 16 से 18 फरवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 संभागों की टीमें भाग ले रही हैं। पहले ही दिन खेले गए मुकाबलों में पुरुष वर्ग में इंदौर, उज्जैन, रीवा, भोपाल और जबलपुर संभाग की टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि महिला वर्ग में उज्जैन, रीवा, सागर, इंदौर और जबलपुर की टीमें विजेता बनकर अगले दौर में पहुंचीं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि घनश्याम मदान के मुख्य आतिथ्य तथा भूतपूर्व खिलाड़ी महेंद्र तोमर के विशेष आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह के पूर्व मध्यप्रदेश के 11 संभागों से आए खिलाड़ियों के दल द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात क्रीडा अधिकारी डॉ. नीलिमा पीटर द्वारा राज्य स्तरीय अंतरविश्वविद्यालयीन पिट्टू प्रतियोगिता के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।

मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा महाविद्यालयीन खेल गतिविधियों में भारतीय पारंपरिक खेल पिट्टू को शामिल करना सराहनीय पहल है। इससे भारतीय खेल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ियों का श्रेष्ठ प्रदर्शन पिट्टू को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।

अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं। सामाजिक समरसता और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। इस अवसर पर डॉ. अनीता तिवारी, डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं डॉ. पल्लवी दुबे ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. संतोष पवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन अभिनीत सरसोदे ने किया।

– इन टीमों के बीच हुआ मुकाबला

उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय अंतरविश्वविद्यालयीन पिट्टू प्रतियोगिता में प्रदेश भर के सभी 12 संभागों की महिला एवं पुरुषों की टीमें हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग में रीवा बनाम छतरपुर के मुकाबले में रीवा, छिंदवाड़ा बनाम इंदौर के मुकाबले में इंदौर, सागर बनाम उज्जैन के मुकाबले में उज्जैन, भोपाल बनाम शहडोल के मुकाबले में भोपाल और रीवा बनाम जबलपुर के मुकाबले में रीवा संभाग की टीमे क्वार्टर फाइनल विजेता बनी। वहीं महिला वर्ग में उज्जैन विरुद्ध छतरपुर के मुकाबले में उज्जैन, ग्वालियर विरुद्ध रीवा मुकाबले में रीवा, सागर विरुद्ध शहडोल मुकाबले में सागर, इंदौर विरुद्ध रीवा मुकाबले में इंदौर तथा जबलपुर विरुद्ध उज्जैन मुकाबले में जबलपुर के टीमें क्वार्टर फाइनल विजेता बनी जो अगले राउंड रोमांचक मैचों में हिस्सा लेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button