विनोबा वार्ड स्थित शिव मंदिर में निःशुल्क योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ

20 फरवरी तक चलेगा योग-अभियान, पतंजलि के प्रशिक्षित विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन

बैतूल। विनोबा वार्ड स्थित शिव मंदिर में 13 फरवरी से निःशुल्क योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर का शुभारंभ हो गया है। यह शिविर 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में समस्त योग साधक भाई-बहनों से सहभागिता की अपील की गई है।

आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में बीपी, शुगर, थायराइड, मोटापा, आर्थराइटिस, सोरायसिस, कैंसर जैसी साध्य-असाध्य बीमारियों के साथ पाचन तंत्र, श्वसन तंत्र और उत्सर्जन तंत्र से जुड़ी अनेक व्याधियों से समाज प्रभावित है। ऐसे समय में स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण के मार्गदर्शन में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को समन्वित कर विकसित की गई इंटीग्रेटेड पद्धति के प्रचार-प्रसार हेतु यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

शिविर पूर्णतः निःशुल्क है और पतंजलि के प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा संचालित किया जा रहा है। सहभागियों को रजिस्ट्रेशन के लिए पासपोर्ट फोटो के साथ संपर्क कर आईडी कार्ड प्राप्त करना होगा। योगाभ्यास हेतु ढीले वस्त्र पहनकर आने, माताओं-बहनों से सलवार-कुर्ती जैसे सुविधाजनक परिधान धारण करने तथा अपने साथ योगा मैट, दरी, चादर और पानी की बोतल लाने का आग्रह किया गया है।

यह आयोजन भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं पतंजलि किसान सेवा समिति बैतूल के सान्निध्य में किया जा रहा है। आयोजक के रूप में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट तहसील प्रभारी संतोष तोमर, अखिलेश जैन एवं एन.पी. साहू सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button