आज प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल में भारतीय मजदूर संघ शामिल नहीं

सभी सदस्य कार्यस्थल पर रहकर करेंगे नियमित कार्य

राष्ट्रहित, उद्योग हित और श्रमिक हित के सिद्धांत पर अडिग है संगठन

जिलामंत्री पंजाबराव गायकवाड़ ने दी स्पष्ट जानकारी

बैतूल। आज 12 फरवरी को कुछ संगठनों द्वारा प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल में भारतीय मजदूर संघ शामिल नहीं होगा। भारतीय मजदूर संघ के जिलामंत्री पंजाबराव गायकवाड़ ने यह स्पष्ट करते हुए बताया कि इस संबंध में भारतीय मजदूर संघ केन्द्र द्वारा प्रेषित पत्र के माध्यम से संगठन का अभिमत सभी इकाइयों तक पहुचा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ सदैव राष्ट्रहित, उद्योग हित और श्रमिक हित।के सिद्धांत पर कार्य करता है। वर्तमान परिस्थितियों का विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट होता है कि 12 फरवरी की प्रस्तावित हड़ताल श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल के बजाय राजनैतिक स्वार्थों और विचारधारात्मक उद्देश्यों से प्रेरित अधिक प्रतीत होती है।

पंजाबराव गायकवाड़ ने बताया कि केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन ने निर्णय लिया है कि भारतीय मजदूर संघ 12 फरवरी की हड़ताल में सम्मिलित नहीं होगा। संगठन के सभी सदस्य और कार्यकर्ता उक्त दिवस पर अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर नियमित कार्य संपादित करेंगे।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार, दुष्प्रचार या राजनैतिक षड्यंत्र का हिस्सा न बनें। संगठन का उद्देश्य अराजकता फैलाना नहीं, बल्कि श्रमिकों के हितों की संवैधानिक और सकारात्मक तरीके से रक्षा करना है।

जिलामंत्री पंजाबराव गायकवाड़ ने कहा कि यह सूचना जमीनी स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता और श्रमिक तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी सदस्य हड़ताल का हिस्सा न बने और संगठन की नीति के अनुरूप कार्य करता रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button