सगाई की परंपरागत रस्म के साथ आज से शुरू होंगे महाकाल के सात दिवसीय मंगलोत्सव

बैतूल। महाशिवरात्रि पर्व से पूर्व बैतूल नगर में देवाधिदेव महाकाल के सात दिवसीय मंगलोत्सव की शुरुआत आज 8 फरवरी से होने जा रही है। श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति, बैतूल के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन को लेकर धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यवस्थागत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 फरवरी रविवार को महाकाल की भव्य शिव बारात नगर भ्रमण पर निकलेगी, जिसे सुंदर स्वरूप दिया जा रहा है।

– महाकाल का श्रृंगार करेंगे सुनील प्रजापति, मंदिर के पीछे विशाल पंडाल तैयार

समिति के प्रदीप तिलन्ते ने बताया कि आज 8 फरवरी से प्रारंभ हो रहे सभी मंगलोत्सवों में महाकाल का श्रृंगार सुनील प्रजापति द्वारा किया जाएगा। सभी धार्मिक रस्मों के आयोजन हेतु महाकाल मंदिर के पीछे विशाल पंडाल की व्यवस्था कर दी गई है, जहां श्रद्धालु पारंपरिक विधि से सभी कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।

– 15 फीट के हनुमान, गुरिल्ला और कातिया बिच्छू बनेंगे शिव बारात का विशेष आकर्षण

15 फरवरी को निकलने वाली शिव बारात को और भव्य बनाने के लिए यादव इवेंट मैनेजमेंट की ओर से 15 फीट ऊंचे विशाल हनुमान, गुरिल्ला एवं कातिया बिच्छू की झांकियां शामिल की जाएंगी। समिति ने बताया कि बारात के पूर्व जिन मार्गों पर प्रकाश की कमी है, वहां विशेष रोशनी की व्यवस्था कर दी जाएगी, ताकि नगर भ्रमण निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

– आज प्रथम दिन सगाई की परंपरागत रस्म

समिति के गजेन्द्र दत्त ने जानकारी दी कि आज से मंगलोत्सवों की विधिवत शुरुआत होगी। प्रथम दिन सगाई की रस्म संपन्न की जाएगी, जिसमें महाकाल मंदिर से अखाड़ा चौक स्थित मंदिर तक माता पार्वती के लिए श्रृंगार सामग्री, मिठाई, पान-सुपारी, बताशे, फल एवं दूर्वा विधिपूर्वक ले जाई जाएगी।

– महिलाओं को सौंपी सगाई रस्म की जिम्मेदारी

सगाई रस्म की प्रभारी महिलाओं में नीता वराठे, कंचन आहूजा, सुनीता पांडे, सुनीता सोनी, बिल्लो पवार, रेखा बारस्कर, ममता कुबड़े, कंचन मिश्रा, निर्मला यादव, अनुसूया अमरूते, गंगा सोनकपुरिया, चंद्रकला साहू, सोनम मिश्रा, मीरा पटने, शिखा कौशिक और नीलम दुबे शामिल हैं। समिति ने बताया कि सभी महिलाएं परंपरा के अनुसार सगाई रस्म को संपन्न कराएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button