15 फरवरी को निकलेगी ऐतिहासिक शिव बारात, तैयारियों को लेकर बारात समिति की अहम बैठक संपन्न
शिव बारात को भव्य बनाने जुटी समिति

बैतूल। विगत छह वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही शिव बारात का आयोजन इस वर्ष भी 15 फरवरी को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप में किया जाएगा। इस आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से श्री शम्भू भोले शिव बारात उत्सव समिति द्वारा 01 फरवरी, रविवार को दोपहर 2 बजे एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष शिव बारात के अंतर्गत 08 फरवरी से 14 फरवरी तक विभिन्न प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किए जाएंगे, जबकि 15 फरवरी को शिव बारात नगर में भव्य रूप से निकाली जाएगी। बैठक का उद्देश्य मंगलोत्सव एवं शिव बारात को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाना रहा।
– बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण प्रस्ताव
बैठक में सर्वसम्मति से शिव बारात को ऐतिहासिक बनाने हेतु कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। इनमें बारात मार्ग पर सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था करने, महिलाओं के समूह में महिला वालेंटियर नियुक्त करने, आयोजन के दौरान 20 वॉकी-टॉकी की व्यवस्था करने का प्रस्ताव शामिल रहा।
इसके साथ ही मंदिर परिसर एवं आसपास प्रतिदिन साफ-सफाई, सात दिन चलने वाले उत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग श्रृंगार, बारात में शामिल सदस्यों के लिए विशेष परिचय पत्र, विभिन्न नृत्य दलों को आमंत्रित करने तथा मनमोहक एवं आकर्षक झांकियां शामिल करने जैसे प्रस्तावों को भी अंतिम रूप दिया गया।
– सुझाव व सहभागिता पर दिया गया जोर
बैठक में समिति द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों से आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए। समिति ने विश्वास जताया कि सभी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से शिव बारात को इस वर्ष और अधिक भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाया जाएगा। उपस्थितजनों की गरिमामय उपस्थिति से समिति ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया।
– बैठक में उपस्थित रहे ये सदस्य
बैठक में माधुरी नामदेव, नीता कराठे, आरती शुक्ला, रीता दत्ता, विद्या सरोदे, संदीप कौशिक, अक्षय तातेड़, तथागत मिश्रा, बिट्टू ठाकुर, प्रदीप तिलंते, गजेन्द्र दत्ता, हिमांशु दुबे, मनीष मिसर, बंटी आरसे, राकेश प्रजापति, मनीष सिंह, सनी ठाकुर, मयंक रसिया, नितिन यादव, पलाश यादव, सुनील प्रजापति , अक्षय यादव, अंकित कहार, दीपेश मोरले एवं कृष्णा गौड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




