A grand procession was organised in Aathner town to mark the centenary year of Rashtriya Swayamsevak Sangh.आठनेर नगर के पथ संचलन में दिखी संघ की अद्भुत झलक
सैकड़ों स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर दिया एकता का संदेश

आठनेर नगर के पथ संचलन में दिखी संघ की अद्भुत झलक
सैकड़ों स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर दिया एकता का संदेश
जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत, अनुशासन और संगठन का दिखा सजीव उदाहरण
आठनेर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आठनेर नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगरवासियों ने स्वयंसेवकों के पूर्ण गणवेश में अनुशासन, देशभक्ति और संगठन की गौरवमयी झलक देखी। नगर का माहौल घोष, वंदन और राष्ट्रभक्ति गीतों से गूंज उठा।
पथ संचलन का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड से हुआ, जो सीमेंट रोड, पटेल मोहल्ला, हनुमान मोहल्ला, कुंबी मोहल्ला और बाजार चौक होते हुए मुख्य मार्ग से वापस पुलिस ग्राउंड में आकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में नगर की विविध सामाजिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का आत्मीय स्वागत किया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी जगह-जगह संचलन को देखने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्य वक्ता संघ के प्रांत कृषक कार्य प्रमुख आनंद मजूमदार ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष समाज-निर्माण और राष्ट्र-सेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने भारत के गौरवशाली इतिहास, अवनति के कारणों और संघ की स्थापना से लेकर वर्तमान स्वरूप तक का वर्णन करते हुए कहा कि पंच परिवर्तन के माध्यम से हमें राष्ट्र को परम वैभव पर अधिष्ठित करने हेतु सक्रिय योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर मंच पर मुलताई जिला संघ चालक रामनारायण सोनी एवं मुख्य अतिथि के रूप में मातंग समाज के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बलिराम खंडारे उपस्थित रहे। पूरे नगर में स्वयंसेवकों की अनुशासित पंक्तियों, समरस चाल और एकजुटता ने नागरिकों में गर्व और उत्साह का संचार किया। शताब्दी वर्ष का यह पथ संचलन नगर के इतिहास में अनुशासन और देशभक्ति का एक प्रेरणादायक अध्याय बन गया।




