The Kanwar Yatra of faith reached Vinoba Nagar Shivalaya: मां ताप्ती के तट से निकली आस्था की कांवड़ यात्रा पहुंची विनोबा नगर शिवालय

सैकड़ों कांवरियों की चरणधूलि से पावन हुआ पथ, बही आस्था की अविरल धारा


बैतूल। मां ताप्ती के किनारे बसे बैतूल नगर की पवित्र भूमि आज एक बार फिर शिवभक्ति में डूबी नजर आई। खेड़ी स्थित मां ताप्ती के निर्मल तट से निकलकर जब सैकड़ों श्रद्धालु हर हर महादेव के जयकारों के साथ कावड़ लेकर चले, तो वातावरण शिवमय हो उठा। श्री शिव मंदिर उत्सव समिति विनोबा नगर एवं श्री माता मंदिर समिति शंकर नगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आयोजन में आस्था, समर्पण और सेवा की त्रिवेणी बह निकली। सुबह 7 बजे शुरू हुई यह यात्रा पूरे नगर में भक्ति की गूंज भरते हुए विनोबा नगर के शिव मंदिर तक पहुंची, जहां मंगलवार को रुद्राभिषेक और महाप्रसादी का आयोजन भक्तों के लिए दिव्य अनुभूति लेकर आएगा।

श्री शिव मंदिर उत्सव समिति विनोबा नगर के संयुक्त आयोजन में इस वर्ष लगातार पांचवें वर्ष कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। सोमवार सुबह 7 बजे खेड़ी ताप्ती से कावड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कांधे पर कावड़ उठाई और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा प्रारंभ की। पूरी यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कावड़ियों का स्वागत, जलपान एवं पुष्पवर्षा के साथ सत्कार किया गया।
– रंगोली और दीप जलाकर किया कावड़ यात्रा का स्वागत
ताप्ती के पवित्र तट से जब सैकड़ों शिवभक्त कांधे पर कांवड़ लिए हर हर महादेव का जयघोष करते हुए विनोबा नगर में पहुंचे तब हर घर की देहरी दीपों से जगमग थी और आंगन रंगोलियों से सजे हुए थे। जैसे-जैसे कांवड़ यात्रा आगे बढ़ी, वैसे-वैसे नगर शिवमय होता गया। श्रद्धा, सेवा और समर्पण की त्रिवेणी में डूबे इस धार्मिक आयोजन ने पूरे वातावरण को पवित्र कर जन-जन के अंतर्मन में शिवत्व का संचार कर दिया।
– रुद्राभिषेक और प्रसादी वितरण आज
यात्रा का भव्य समापन विनोबा नगर स्थित श्री शिव मंदिर में हुआ, जहां मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रुद्राभिषेक और प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया है। समिति द्वारा समस्त नगरवासियों से आयोजन में सहभागिता की अपील की गई है। भव्य स्वागत कार्यक्रमों में दिनेश सिंह ठाकुर द्वारा जानकी नगर स्थित अपने निवास पर कावड़ियों का अभिनंदन किया गया। श्री शिव मंदिर विनोबा नगर के अध्यक्ष मनोज आहूजा द्वारा भव्य भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने सेवा भाव से भाग लिया। इस आयोजन में प्रमुख रूप से प्रशांत राजपूत (ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष), अनिल राठौर, अमित गोचरे, नारायण धोटे, संतोष तोमर, मनीष धोटे, सुभाष पवार, आनंद राठौर, मुन्ना गायकवाड़, गोविंद साहू, राकेश गुप्ता, दीपू वर्मा, रेखा राजपूत, मीना भूमरकर, पायल यादव और माया राठौर, तेनु साहू, खेमचंद साहू, पुनीत साहू जैसे अनेक भक्तों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाया। शिवभक्तों की यह अद्भुत संगठित श्रद्धा बैतूल की धार्मिक चेतना का जीवंत उदाहरण बन गई।
– लगभग 300 महिलाएं यात्रा में हुई शामिल
कावड़ यात्रा में इस बार महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। अनुमानित 250 से 300 महिलाएं कांवड लेकर ताप्ती तट से शिव मंदिर तक की पदयात्रा में शामिल हुईं। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इन महिलाओं की मौजूदगी ने यात्रा को और अधिक भव्य एवं प्रेरणादायी बना दिया।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button