Donated blood for a pregnant woman on her birthday: समाजसेवी राजा शुक्ला ने अपने जन्मदिन पर गर्भवती महिला के लिए किया रक्तदान

बैतूल। जब ज़िंदगी बचाने का सवाल हो और दिल में सेवा का जज़्बा हो, तब जन्मदिन भी किसी के लिए नई जिंदगी बन सकता है। बैतूल में कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जब एक गर्भवती महिला की जान बचाने के लिए युवा समाजसेवी राजा शुक्ला ने अपने जन्मदिन को मानवता के नाम कर दिया।
महिला को तत्काल ए पॉजिटिव ब्लड की जरूरत थी, जैसे ही राजा शुक्ला को इस बारे में जानकारी मिली, उन्होंने देर किए बिना ब्लड डोनेट किया। इस दौरान अमोल चंदेल ने भी ए पॉजिटिव ब्लड डोनेट कर सहयोग किया। दोनों युवाओं का यह कार्य समाज में प्रेरणा का स्रोत बन गया है। बताया गया कि महिला की स्थिति गंभीर थी और डॉक्टरों ने जल्द से जल्द ब्लड की व्यवस्था करने को कहा था। ऐसे में सोशल मीडिया और दोस्तों के माध्यम से सूचना फैलते ही राजा शुक्ला और अमोल चंदेल तुरंत सामने आए और अस्पताल पहुंचकर ब्लड डोनेट किया। राजा शुक्ला ने अपने जन्मदिन को सार्थक बनाते हुए जो काम किया है, वह समाज के हर युवा को प्रेरणा देने वाला है।
राजा शुक्ला ने कहा कि जब किसी मरीज़ को अचानक रक्त की आवश्यकता होती है, तो समय पर मिला एक यूनिट ब्लड उसकी जान बचा सकता है। कई बार गर्भवती महिलाएं, दुर्घटना के शिकार लोग या गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज ब्लड की कमी से जूझते हैं। ऐसे समय में रक्तदाता ही उनके लिए देवदूत बनकर आते हैं। रक्तदान न किसी जाति को देखता है, न धर्म को यह बस इंसानियत की पहचान है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि आपका दिया गया एक यूनिट रक्त किसी के लिए जीवन की आखिरी उम्मीद बन सकता है।





