JEE Advanced: जेईई एडवांस में फाल्गुन राठौर ने ऑल इंडिया 717 और ओबीसी में हासिल की 113वीं टॉप रैंक


बैतूल। गंज बैतूल स्थित श्री अग्रसेन महाराज विद्यालय के कक्षा 12वीं के मेधावी छात्र फाल्गुन राठौर ने जेईई एडवांस 2025 की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 717 और ओबीसी श्रेणी में 113वीं रैंक प्राप्त कर जिले, विद्यालय और राठौर समाज का नाम गौरवान्वित किया है। फाल्गुन राठौर श्री अग्रसेन महाराज संस्था के संचालक डॉ. ओम प्रकाश राठौर के सुपुत्र हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, सटीक मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के बल पर यह ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है।
फाल्गुन ने बताया कि उन्होंने पिछले दो वर्षों से सभी विषयों का गहराई से अध्ययन किया और जेईई की तैयारी में पूरा मन लगाया। उनका मानना है कि सही दिशा, लगातार मेहनत और परिवार व गुरुओं का साथ हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। फाल्गुन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता, परिवार के सभी सदस्यों और अपने शिक्षकों को दिया है। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया था, जो उनकी निरंतर लगन और प्रतिभा को दर्शाता है। उनकी इस सफलता पर क्षत्रिय राठौर समाज बैतूल के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल राठौर, अग्रसेन महाराज संस्था के संचालक डॉ. ओ. पी. राठौर, सचिव डॉ. रिशांक राठौर, प्राचार्य सुरेश चढ़ोकार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।




