डीसीसी फुटबॉल लीग में रोमांचक भिड़ंत, मैजिक स्ट्राइकर ने 2-1 से दर्ज की जीत

बैतूल। डीसीसी फुटबॉल लीग के चौथे दिन रविवार को दो मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। पहला मैच द नवाब और द वॉरियर के बीच खेला गया। दोनों टीमें आक्रामक अंदाज में एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश करती रहीं, लेकिन मैच के अंतिम पलों में द वॉरियर के स्ट्राइकर यश अग्रवाल ने गोल दागकर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई और 1-0 से जीत दर्ज की। इस शानदार प्रदर्शन के लिए यश अग्रवाल को मेन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच फ्लाइंग स्टार और मैजिक स्ट्राइकर के बीच हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन मैजिक स्ट्राइकर को पेनाल्टी का मौका मिला, जिसे करण सोनारे ने गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके कुछ समय बाद मैजिक स्ट्राइकर के राकेश गोहर ने एक और गोल किया, जिससे उनकी टीम 2-0 से आगे हो गई। हालांकि, मैच के अंतिम क्षणों में फ्लाइंग स्टार को भी पेनाल्टी का मौका मिला, जिसे अतुल ठाकरे ने गोल में बदलकर टीम की उम्मीदें जगाईं। हालांकि, मैच का अंत 2-1 से मैजिक स्ट्राइकर की जीत के साथ हुआ। राकेश गोहर को इस मैच का मेन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में कृष्णा चौबीतकर, बृजेश पाल, योगेश पाटणकर और कई सीनियर प्लेयर मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और लीग को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।




