देश की बहादुर बेटी को आतंकियों की बहन बताना दुर्भाग्यपूर्ण: विजय पारधी
कर्नल सोफिया पर शर्मनाक टिप्पणी के खिलाफ युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने मांगा मंत्री का इस्तीफा

बैतूल। देश की शान और सेना की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के विवादित और शर्मनाक बयान पर बैतूल युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय पारधी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विजय शाह का यह बयान देश की बेटियों और सेना में कार्यरत हर अधिकारी का अपमान है। विजय पारधी ने कहा कि जिस बेटी ने देश की रक्षा के लिए खुद को समर्पित किया, जिसने अपने साहस और कर्तव्यनिष्ठा से भारतीय सेना का नाम रोशन किया, उसे पाकिस्तानियों की बहन बताना शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
विजय पारधी ने कहा कि विजय शाह का बयान सेना में कार्यरत लाखों जवानों और उनके परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। यह बयान साबित करता है कि बीजेपी के मंत्री न तो देशभक्ति समझते हैं और न ही सेना के सम्मान का मूल्य जानते हैं। उन्होंने कहा कि विजय शाह को तुरंत अपने इस बयान के लिए अपने पद से इस्तीफा दे। अगर उनमें जरा भी शर्म बाकी है, तो वे एक क्षण भी मंत्री पद पर बने रहने के हकदार नहीं हैं।
युवा कांग्रेस नेता विजय पारधी ने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री और भाजपा नेतृत्व इस बयान पर चुप रहते हैं, तो यह साबित हो जाएगा कि यह केवल विजय शाह की सोच नहीं, बल्कि पूरी पार्टी की मानसिकता है।




