The arbitrariness of PWD: सीमांकन के बाद भी गलत जगह बनाई जा रही सड़क
12 साल से अधूरी पड़ी थी बैतूल आमला मार्ग पर बरसाली के पास स्थित सड़क

बैतूल। बैतूल-आमला मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की मनमानी के खिलाफ भारतीय सेना के हवलदार चंद्रप्रकाश यादव ने कलेक्टर से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि लोक निर्माण विभाग गलत जगह पर सड़क बना रहा है, जबकि राजस्व विभाग ने पहले ही सही स्थान पर सीमांकन कर दिया है। बैतूल आमला मार्ग पर बरसाली के पास स्थित सड़क 12 साल से अधूरी है, सड़क निर्माण अब भी सही नक्शे और खसरे के अनुसार नहीं हो रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी हो रही है।
हवलदार चंद्रप्रकाश यादव, वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं, उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने इस मामले को कई बार सेना अधिकारियों और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया कि बैतूल-आमला मार्ग पर उनके गांव बरसाली के पास करीब 500 मीटर सड़क अधूरी पड़ी हुई है। यह वही हिस्सा है, जिसे पहले भी गलत तरीके से बनाया गया था।
हवलदार चंद्रप्रकाश यादव ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया है कि बैतूल-अमला मार्ग पर सड़क निर्माण में रोहित यादव पिता हरिराम यादव, विनोद यादव पिता बिषण यादव, गजेंद्र यादव पिता राजकुमार यादव, राजकुमार यादव पिता किसान यादव और नवीन यादव पिता अनिल यादव जानबूझकर बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। ये लोग प्रशासन द्वारा तय किए गए सही नक्शे और सीमांकन के बावजूद निर्माण कार्य में रुकावट डाल रहे हैं, जिससे सड़क का निर्माण गलत दिशा में हो रहा है। दुर्गावती यादव पिता भोजराज यादव ने भी इस मामले को लेकर आपत्ति जताई है और मांग की है कि प्रशासन इन लोगों के हस्तक्षेप को रोककर सही स्थान पर सड़क का निर्माण सुनिश्चित करे।
हवलदार चंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग सड़क निर्माण के लिए राजस्व विभाग द्वारा की गई चूना मार्किंग को नजरअंदाज कर रहा है। नक्शा और खसरा रिकॉर्ड के अनुसार, यह सड़क हरीराम पिता गोदूलाल की जमीन से होते हुए जनकदुलारी पति किशन के खेत से होकर गुजरनी थी, लेकिन विभाग इसे मनमाने ढंग से कहीं और बना रहा है। परिवार द्वारा इस मामले को कई बार अधिकारियों तक पहुंचाया गया, लेकिन हर बार अनदेखी की गई। हवलदार यादव का कहना है कि चूंकि वे भारतीय सेना में तैनात हैं, इसलिए उनके परिवार की बात को दबाने की कोशिश की जा रही है।
– पीडब्ल्यूडी और ठेकेदारों की सांठगांठ का आरोप
ग्रामीणों का भी कहना है कि इस सड़क के निर्माण में पीडब्ल्यूडी और ठेकेदारों की मिलीभगत है। बार-बार सीमांकन होने के बावजूद सही जगह पर निर्माण नहीं किया जा रहा है। हवलदार चंद्रप्रकाश यादव ने मांग की है कि कलेक्टर तुरंत हस्तक्षेप करें और सही नक्शे और खसरे के अनुसार सड़क का निर्माण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले को जल्द नहीं सुलझाया गया तो वे उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराएंगे और जरूरत पड़ी तो न्याय के लिए कानूनी कदम भी उठाएंगे।
12 वर्षों से चल रहा विवाद
बैतूल-अमला मार्ग पर इस सड़क को लेकर पिछले 12 वर्षों से विवाद चल रहा है। अनगिनत शिकायतों, सीमांकन और निरीक्षण के बावजूद अब तक सही जगह पर निर्माण नहीं हो पाया है। हवलदार चंद्रप्रकाश यादव के परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस मामले में उचित कार्रवाई करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।





