Took oath for TB free India: विधायक ने टीबी मरीजों को वितरित की फूड बास्केट, निकाली जागरूकता रैली
भीमपुर में टीबी मुक्त भारत अभियान का हुआ आयोजन, टीबी मुक्त भारत की ली शपथ

बैतूल। भीमपुर ब्लॉक में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय युवा दिवस पर शासकीय कन्या शाला की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। इस रैली में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, और पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि समेत अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में माननीय विधायक महेंद्रसिंह चौहान, उनकी धर्मपत्नी सपना चौहान, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक निगवाल, तिवारी मोरले (बीपीएम), हरकचंद अचोल और पुरुषोत्तम ने भाग लिया। विधायक महेंद्रसिंह चौहान ने चार टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर में निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण भी किया।
– टीबी और अन्य योजनाओं की जानकारी दी
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत अभियान और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के लाभों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़ने की शपथ ली। सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया गया कि क्षेत्र को टीबी से मुक्त किया जाएगा और लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक किया जाएगा। विधायक महेंद्रसिंह चौहान ने कहा कि टीबी को जड़ से समाप्त करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।




