demand for equal pay for equal work: मानदेय बढ़ोतरी की मांग पर अड़े पेसा मोबिलाइजर

तीन दिन की हड़ताल के बाद विधायक निवास पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

बैतूल। शाहपुर, घोड़ाडोंगरी और चिचोली ब्लॉकों के ग्रामसभा पेसा मोबिलाइजरों ने अपनी मांगों को लेकर तीन दिन की सामूहिक हड़ताल के बाद शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक गंगा उइके के निज निवास पर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शाहपुर ब्लॉक अध्यक्ष मोना चौरे और घोड़ाडोंगरी से देवसु कवड़े सहित कई अन्य मोबिलाइजर उपस्थित रहे।

पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ की प्रमुख मांग है कि उनके मानदेय में वृद्धि की जाए। फिलहाल उन्हें 4 हजार रुपए मासिक मानदेय दिया जाता है, जो न तो सम्मानजनक है और न ही पारिवारिक जरूरतों के लिए पर्याप्त। संघ ने यह भी मांग की है कि पेसा के अलावा अन्य कार्यों के लिए अलग से मानदेय और सुविधाएं प्रदान की जाएं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 6 अक्टूबर 2023 को और वर्तमान पंचायत मंत्री मोहन यादव ने 24 अक्टूबर 2024 को मानदेय वृद्धि की घोषणा की थी, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया। इस बीच, 8 दिसंबर 2024 को सोशल मीडिया पर खबर वायरल हुई कि केंद्रीय पंचायत राज मंत्रालय ने 8 हजार रुपए प्रति माह के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है।

पेसा मोबिलाइजरों ने कहा कि वे सभी ग्रेजुएट हैं और कंप्यूटर डिप्लोमा के साथ उच्च कुशलता रखते हैं। इसलिए उन्हें उच्च कुशल श्रेणी में रखते हुए समान काम समान वेतन दिया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में राधा पटैय्या, सौरभ परिहार, आशीष पटैय्या, शुभम पाटनकर, भूपेश दियावार, मनीष धोटे समेत बड़ी संख्या में पेसा मोबिलाइजर मौजूद थे। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगे जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button