Betul news: एलबीएस और बालाजी क्लब के बीच खेला गया पहला मैच

लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में स्मृति कप 2024 का शुभारंभ

बैतूल। जिला क्रिकेट एसोसिएशन बैतूल के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट स्मृति कप 2024 का शुभारंभ लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में हुआ। पहला मैच लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) क्रिकेट क्लब और बालाजी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया।

इस टूर्नामेंट का आयोजन स्वर्गीय बुधराव देशमुख (पूर्व विधायक) और ठाकुर चंद्रचूड़ सिंह किलेदार की स्मृति में लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन बैतूल के सचिव अनिल दत्त दीक्षित ने बताया कि उद्घाटन मैच में खिलाड़ियों का परिचय सीएमओ नगर पालिका परिषद बैतूल सतीश मटसेनिया और अनुविभागीय अधिकारी पीडब्ल्यूडी अरविंद कुबड़े ने प्राप्त किया।

लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट क्लब के कप्तान आयुष मानकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। एलबीएस क्लब ने हेमंत नंदा के शानदार 47 रन, चंद्रभान के 18 रन और यशवीर के 21 रनों की मदद से 19.4 ओवर में 172 रन बनाए। बालाजी क्रिकेट क्लब की ओर से फैजल आर्यन, अक्षय ने दो-दो विकेट, जबकि सचिन, सत्येंद्र और अजय ने एक-एक विकेट लिया।

173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बालाजी क्रिकेट क्लब की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। ओपनिंग जोड़ी अक्षय और भानु ने धीमी शुरुआत की और टीम पहले 10 ओवर में केवल 51 रन ही बना पाई। 12 ओवर तक बालाजी टीम का स्कोर 55/4 हो चुका था।

टीम को संभालने के लिए सचिन काका ने शानदार पारी खेलते हुए 6 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 56 रन बनाए। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिल सका, और टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई।

एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ नितिन देशमुख ने बताया कि इस मैच के मैन ऑफ़ द मैच आयुष मानकर ने चार ओवर में 15 रन लेकर तीन विकेट लिए जबकि रानू वर्मा ने भी तीन विकेट झटके। प्रतीक गोहिते और मोहित सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट चटकाए।

आज होने वाले मैचों की जानकारी

एसोसिएशन के अध्यक्ष जगेंद्र तोमर, उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह और प्रवीण गर्ग ने बताया कि आज, 22 नवंबर को टूर्नामेंट में दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच सिटी आमला और डीसीए बैतूल के बीच सुबह खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच बालाजी क्रिकेट क्लब और डीसीए बैतूल के मध्य होगा। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष संजय हुद्दार, सह सचिव रमन ठाकुर और अशोक बारस्कर ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में आकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button