Leopard Hunting : शिकारियों के जाल में फंसे तेंदुए की मौत के मामले में एक गिरफ्तार, भेजा जेल

सुपाला गांव में जंगल से सटे खेत में जगह-जगह लगे मिले जाल, घर में भी मिला शिकार करने वाला जाल

Leopard Hunting : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के जंगल में वन्यजीव शिकारियों के निशाने पर हैं। इसका खुलासा रविवार को सुबह सुपाला गांव में शिकारियों के जाल में फंसे तेंदुए की मौत से हो गया है। मामला सामने आने के बाद वन विभाग के आला अधिकारियों को मैदानी अमले की मिलीभगत का पता चला है। अब इस क्षेत्र में विशेष निगरानी की जा रही है ताकि शिकारियों को पकड़ा जा सके।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण वन मंडल की सांवलमेंढा रेंज के ग्राम सुपाला में रविवार को शिकारियों के जाल में फंसे तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने खेत मालिक को आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है।वन विभाग की टीम के द्वारा की गई जांच में खेत के अलग-अलग हिस्सों में वन्य जीवों के शिकार के लिए लगाए गए जाल बरामद किए गए।

आरोपी के घर की तलाशी लेने पर एक जाल एवं धारदार हथियार भी बरामद किया गया। वन विभाग के द्वारा आरोपित मोतीलाल बारस्कर के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 के तहत प्रकरण दर्ज कर सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दे दिया है।

दक्षिण वन मंडल के एसडीओ भैंसदेही देवानंद पांडे ने बताया कि रविवार को सुपाला गांव में किसान मोतीलाल के खेत में शिकार के लिए लगाए गए जाल में तेंदुआ फंस गया था। उसे एसटीआर एवं एमटीआर की टीम के द्वारा बेहोश कर जाल से मुक्त कराया गया और एसटीआर के हवाले कर दिया गया था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सांवलमेंढा में तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसके द्वारा शिकार के लिए जाल लगाना स्वीकार किया है। इस क्षेत्र में वन्य जीवों के शिकार को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मैदानी अमले को लगातार निरीक्षण करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button