Jayas news: 6 लोगों पर चाकू से हमले के मामले में जयस ने एसपी से की शिकायत

बैतूल। शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर जयस आदिवासी संगठन ने पुलिस अधीक्षक से सख्त कदम उठाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि शहर में रोजाना गंभीर अपराध हो रहे हैं, और हाल ही की घटनाओं ने आदिवासी समाज के लोगों के लिए चिंता बढ़ा दी है। संगठन ने कहा कि अगर जल्द ही इन अपराधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

शिकायत में बताया गया है कि विगत 15 अक्टूबर मंगलवार की रात, शहर के आदतन अपराधी शुभम पंवार, रोशन शर्मा और निहाल भुमरकर ने आदिवासी समाज के गरीब मजदूर तबके के युवकों और बुजुर्गों पर जानलेवा हमला किया। इन अपराधियों ने चाकूबाजी कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई, उनके वाहनों को तोड़ा और हत्या का प्रयास भी किया। जयस संगठन ने मांग की है कि इन अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

जयस ने कहा कि बैतूल में बड़ी संख्या में आदिवासी युवक-युवतियां पढ़ाई कर रहे हैं और मजदूर वर्ग भी बड़ी संख्या में निवास करता है। ऐसे में इन अपराधियों पर यदि तुरंत कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समाज के लिए बड़ा खतरा हो सकता है। संगठन ने मांग की कि इन अपराधियों को जिला बदर किया जाए और पीड़ितों को उचित इलाज और आर्थिक सहायता दी जाए।

आंदोलन की चेतावनी

जयस संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने इन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए, तो वे धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। संगठन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि इन अपराधियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दी जाए। इसके साथ ही राष्ट्रीय जनजातीय आयोग दिल्ली और मध्यप्रदेश जनजातीय आयोग भोपाल को भी इस मामले की प्रतिलिपि भेजी गई है, ताकि इस पर तत्काल कार्रवाई हो सके। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो जयस आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।ज्ञापन देने वालों में जयस जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे, प्रदेश संयोजक जामवंतसिंग कुमरे, महेश शाह उइके, जयस जिला प्रभारी बैतूल राजकुमार काकोड़िया, जिला सचिव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button