Educational Excellence Award: एआई-आधारित नवाचार से धीरज शिवहरे को मिला एजुकेशनल एक्सीलेंस अवार्ड 

बैतूल। सावलमेंढा के युवा धीरज शिवहरे को शिक्षा और नवाचार के लिए प्रतिष्ठित एजुकेशनल एक्सीलेंस अवार्ड 2024 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें देशभर के 2000 से अधिक विद्यालयों के संचालक और प्राचार्य उपस्थित थे। धीरज को इस अवार्ड के लिए चुने गए 40 प्रमुख लोगों में स्थान मिला, और उन्हें टॉप 10 में शामिल किया गया।

धीरज ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता लक्ष्मीनारायण शिवहरे को दिया, जिन्होंने उन्हें छिंदवाड़ा स्थित संत आशारामजी गुरुकुल में प्रवेश दिलाया। इस गुरुकुल में ध्यान, प्राणायाम और आध्यात्मिक साधनाओं के अभ्यास ने धीरज के बौद्धिक और सामाजिक विकास को नई दिशा दी। उन्होंने मात्र 20 वर्ष की उम्र में नारायण पब्लिक स्कूल की स्थापना की, जो पिछले 10 वर्षों से क्षेत्रों में उच्च स्तरीय अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्रदान कर रहा है। नारायण पब्लिक स्कूल ने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के नए आयाम दिए हैं, जिससे वे शहरी प्रतिस्पर्धा में मजबूती से खड़े हो रहे हैं। धीरज का यह प्रयास ग्रामीण छात्रों को बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। पिछले एक दशक में यह स्कूल प्रगतिशील स्कूलों में से एक बन गया है।

धीरज शिवहरे ने शिक्षा में नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक एआई-आधारित टूल विकसित किया है, जिसे समारोह में खूब सराहा गया। यह टूल शिक्षकों को कक्षाओं और प्रबंधन कार्यों में सहायता करता है, जिससे उनका कार्यभार कम होता है और वे अधिक प्रभावी तरीके से शिक्षण कर सकते हैं।

व्यवसायिक जीवन में भी धीरज ने रची नई इबारत

धीरज शिवहरे सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका विकसित किया हुआ स्कूल मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर कई स्कूलों में प्रबंधन प्रणाली को अधिक कुशल बना रहा है। इसके अलावा, धीरज मध्यप्रदेश के निजी स्कूल संचालकों को दस्तावेजीकरण और कानूनी सहायता भी प्रदान कर रहे हैं, जिससे वह एक प्रतिष्ठित सलाहकार के रूप में उभरकर सामने आए हैं। इस समारोह में संसद सदस्य मनोज तिवारी, नागालैंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री तेम्जेन इम्ना अलोंग, आध्यात्मिक सद्गुरु रितेश्वर महाराज, पूर्व मुख्य न्यायाधीश विजयेंद्र जैन, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के उपकुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पवन दुग्गल, वरिष्ठ पत्रकार आनंद नरसिम्हन और फिल्म निर्माता डॉ. भुवन लाल जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों ने धीरज शिवहरे के नवाचारों और उनके शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना की।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

धीरज शिवहरे की इस सफलता पर उनके परिवार, नारायण पब्लिक स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थियों के साथ-साथ पूरे सावलमेंढा गांव में गर्व की लहर है। धीरज शिवहरे का जीवन उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो साधारण परिस्थितियों से निकलकर असाधारण कार्य करना चाहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button