Big Breaking : मोहल्ले के लोगों की प्रताड़ना से त्रस्त महिला ने एसपी कार्यालय में खाया जहर

पुलिस पर ठोस कार्रवाई न करने का लगाया आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश

Big Breaking : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारीढाना सोहागपुर में निवास करने वाली महिला ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जहर खा लिया ।हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने मोहल्ले के लोगों पर प्रताड़ित करने, मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत करने पर पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न करने के कारण महिला ने जहर खाकर जान देने का प्रयास करने का बयान भी दिया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं।पीड़िता  के पति अंकुश  ने बताया कि हमें मोहल्ले के लोग लंबे समय से परेशान कर रहे हैं। सरपंच के द्वारा हमें फर्जी पट्टा दे दिया गया है जहां पर हम रह रहे हैं। पड़ोसी के द्वारा गलत जगह मकान निर्माण करने की शिकायत सीएम हेल्प लाइन पर की गई थी। इसके बाद प्रशासन के निर्देश पर कार्रवाई की गई। इससे नाराज होकर मोहल्ले के सात-आठ लोगों ने पत्नी के साथ मारपीट की एवं धारदार हथियार से चोट पहुंचाई थी।

हमने बैतूलबाजार थाने में शिकायत की तो पुलिस ने दोनों पक्षों पर मामला बना दिया। इसके बाद से लगातार मुझे एवं पत्नी को प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस के द्वारा हमारे साथ अच्छा व्यव्हार नहीं किया जा रहा है। मंगलवार को पत्नी कलेक्टर के पास जन सुनवाई में शिकायत लेकर पहुंची थी जहां से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और कोई मदद न मिलने पर जहर खा लिया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने बताया कि पूर्व में महिला की शिकायत पर दो मामले दर्ज किए गए हैं।

एक मामले में चालान भी पेश हो चुका है और दूसरे मामले में चालान पेश किया जाना है। महिला ने 24 अगस्त को चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। 16 सितंबर को भी उसने दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। दोनों मामलों में जांच पूरी हो गई है। महिला ने अब शिकायत की है कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है ,  सरपंच द्वारा फर्जी पट्टा देने का भी आरोप लगाया जा रहा है। इसकी जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button