पोषण माह में बिटिया दिवस पर बेटियों को मिला चांदी के लॉकेट के साथ पोषण किट का उपहार

12 बेटियों को माता सरस्वती, लक्ष्मी और दुर्गा के रूप में किया सम्मानित, माताओं को गौरव अवार्ड

बैतूल। पोषण माह के अंतर्गत रविवार को जिला चिकित्सालय बैतूल में मां शारदा सहायता समिति द्वारा बिटिया दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवजात 12 बेटियों को माता सरस्वती, लक्ष्मी और दुर्गा के रूप में चांदी के लॉकेट भेंट किए गए, साथ ही उनकी माताओं को साल और बुके देकर गौरव सम्मान से नवाजा गया। माताओं को पोषण किट भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मां शारदा सहायता समिति के संरक्षक संजय शुक्ला, अध्यक्ष पिंकी भाटिया, कार्यकारी अध्यक्ष हिमांशु सोनी, संरक्षक प्रीतम सिंह मरकाम, संस्थापक शैलेंद्र बिहारिया, दीप मालवीय, निमिषा मालवीय, समाजसेवी सुनील पलेरिया, महिला अध्यक्ष तूलिका पचोरी और प्रमिला धोत्रे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्था ने नवजात बेटियों की माताओं को बेटियों के जन्म पर गौरव महसूस करने के लिए प्रोत्साहित किया। बेटियों की माताओं सपना कल्याणपुर, शीतल मुल्ताई, ऋतु शाहपुर, नीलू आमला, कंचन चौरे पलाशपानी, ज्योति पुसली, अर्चना, राखी खैरी, शीला बक्का, इंद्रा उइके गजाढाणा, उमा और गीता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

संस्था के अध्यक्ष पिंकी भाटिया ने कहा कि भारतीय समाज में आज भी बेटियों और बेटों के बीच अंतर समझा जाता है। बेटियों के जन्म को सम्मानित और विशेष बनाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। शैलेंद्र बिहारिया ने कहा कि बेटियां दो कुलों को संवारती हैं, इसलिए उनके सम्मान और पोषण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

संजय शुक्ला और प्रीतम सिंह मरकाम ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस मौके पर तूलिका पचोरी ने माताओं और बेटियों की आरती उतारी और उन्हें संतुलित भोजन के साथ मोटे अनाजों का सेवन करने की सलाह दी। साथ ही जंक फूड से बचने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पुष्पा नरवरे, आशा बाई कटारे और अंशिका सोनी का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button