Big Crime News : दो बदमाशों से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त

Big Crime News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुंडी और बरेठा गांव में कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों के पास से अवैध पिस्टल, देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त कर गिरफ्तार किया है। त्योहारों के चलते पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और अवैध हथियार रखने या बेचने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। इसी के चलते शाहपुर थाना पुलिस से कार्रवाई की है।
शाहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुंडी में रेलवे अंडर ब्रिज के पास अर्जुन बट्टी पिता सुक्कू बट्टी, उम्र 19 वर्ष को संदेह के आधार पर पकड़ा। उसकी तलाशी ली गई तो पेंट की जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने पिस्टल अपने घर में मिट्टी से भरी एक सफेद प्लास्टिक की बोरी के नीचे छिपाकर रखी है। पुलिस टीम ने उसके घर जाकर तलाशी ली पिस्टल बरामद कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
इसी तरह पुलिस ने बरेठा गांव के पास अजय उर्फ अज्जू पिता फूलसिंह काकोडिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्यारसपुर, थाना आमला को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास लोहे से निर्मित एक नाल का देशी कट्टा पाया गया। आरोपित उसे बेचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित के द्वारा कट्टा कहां से लाया गया है इसके संबंध में पूछताछ प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अवैध हथियार रखने या सार्वजनिक स्थान पर हथियारों से डराने-धमकाने की जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।




