cow slaughter free india: गौ सांसद ने किया आव्हान गौवंश हत्या मुक्त भारत के लिए शहर में निकलेगा पैदल मार्च
गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने रामा गौ प्रतिष्ठा संहिता विधेयक पेश करने की मांग

बैतूल। गौवंश हत्या मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से बैतूल के गौ सांसद युवराज मालवीय श्री गौड़ ने बड़ा कदम उठाते हुए आगामी दिनों में 1 किमी का पैदल मार्च निकालकर लोकसभा क्षेत्र के सांसद को ज्ञापन सौंपने का आव्हान किया है। इस मार्च में बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल होंगे, जो गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गौवंश हत्या पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के लिए संसद में रामा गौ प्रतिष्ठा संहिता विधेयक पेश करने की मांग करेंगे।
गौ सांसद युवराज मालवीय श्री गौड़ ने अपने संसदीय क्षेत्र के सांसद से मिलने का समय मांगा है, जिसमें वे गोभक्तों के संग 1 किमी का पैदल मार्च निकालते हुए सांसद को ज्ञापन, बिल और धर्मादेश सौंपेंगे। उनका लक्ष्य है कि गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने और गौवंश हत्या को रोकने के लिए आवश्यक कानून बनाए जाएं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 1008 के नेतृत्व में आयोजित भारत की पहली गो संसद में युवराज मालवीय श्री गौड़ को जिला बैतूल मप्र संसदीय क्षेत्र से गौ सांसद मनोनीत किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने गौरक्षा की शपथ ली और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने तथा गौतस्करी रोकने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।
2 अगस्त से 6 अगस्त तक दिल्ली में आयोजित पंच दिवसीय गौ संसद में रामा गौ प्रतिष्ठा संहिता विधेयक सहित प्रथम गौ संसद प्रयागराज में पारित हुए 21 धर्मादेशों की पुष्टि की गई, और साथ ही 21 नए धर्मादेश भी पारित किए गए। अब इन सभी प्रस्तावों को गौ भक्तों के साथ मिलकर अपने लोकसभा क्षेत्र के सांसद को सौंपा जाएगा।
गौ सांसद युवराज मालवीय श्री गौड़ ने इस मिशन के तहत अपने संसदीय क्षेत्र के हर मतदाता को गौ माता के विषय में जागरूक करने और उन्हें इस मुद्दे पर वोट करने के लिए प्रेरित करने का भी संकल्प लिया है। इसके लिए वे गौ मतदाता के रूप में मतदाताओं का पंजीकरण भी करेंगे, ताकि गौवंश हत्या मुक्त भारत के अपने संकल्प को साकार कर सकें।




