Betul news: ग्राम टेरम में स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से उल्टी-दस्त के मरीजों का हुआ त्वरित उपचार

घर-घर सर्वे कर गंभीर मरीजों का इलाज जारी, स्वास्थ्य विभाग की जिला टीम ने संभाला मोर्चा

बैतूल। विकासखंड भीमपुर अंतर्गत टेरम पंचायत काबरा में हाल ही में उल्टी और दस्त के मामलों में अचानक वृद्धि होने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप धुर्वे से मिली जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर सर्वे किया और उल्टी-दस्त से पीड़ित ग्रामीणों को तत्काल उपचार प्रदान किया। गंभीर स्थिति वाले मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर में रेफर किया गया।

सर्वेक्षण के दौरान, जिले से आई विशेष टीम भी इस अभियान में शामिल रही, जिसमें जिला महामारी अधिकारी डॉ. परिहार, डॉ. मोहसीन और भुवनेश देशमुख ने अहम भूमिका निभाई। इनके सहयोग से मरीजों की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली। स्वास्थ्य कार्यक्रम अधिकारी तिवारी मोरले ने ग्राम के ट्यूबवेल और हैंडपंप से पानी के सैंपल एकत्रित किए, जिन्हें पीएचई की लैब में जांच के लिए भेजा गया है। इससे क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के संभावित कारणों का पता लगाया जाएगा।ग्राम में सर्वे के दौरान कई ग्रामीण सामान्य उल्टी-दस्त से पीड़ित पाए गए, जिन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही, उन्हें पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई। इसके अलावा, दो गंभीर मरीज छह वर्षीय कमलेश और पैंसठ वर्षीय रिमू गंभीर निर्जलीकरण से पीड़ित पाए गए। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए, इन्हें भीमपुर अस्पताल रेफर करने से पहले ही एम्बुलेंस में सलाइन बॉटल लगाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। सर्वे रिपोर्ट और रेफर किए गए मरीजों की जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस तत्परता और त्वरित कार्रवाई से ग्राम में स्वास्थ्य संकट को नियंत्रित करने में सफलता मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button