Live bomb recovered from scrap warehouse: बैतूल के कबाड़ गोदाम से जिंदा बम बरामद, इलाके में मचा हड़कंप

कबाड़ी नईम का दावा: गोदाम पर नहीं था मौजूद, कर्मचारी ने बर्तन वाले से लिए थे बम के खोल

बैतूल। स्वतंत्रता दिवस और मुख्यमंत्री के भैंसदेही दौरे से ठीक पहले बैतूल के मुर्गी चौक इलाके में पुलिस ने एक कबाड़ गोदाम से जिंदा बम बरामद किया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। विस्फोटक की जांच के लिए नर्मदापुरम से बम डिस्पोजल स्क्वाड को बुलाया गया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है, और खंजनपुर की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। मुर्गी चौक के पास स्थित कबाड़ी नईम के गोदाम में पुलिस की छापेमारी के दौरान 15 बम के खोल मिले, जिनमें से एक जिंदा बम होने का शक जताया जा रहा है। एसपी के निर्देश पर कोतवाली टीआई देवकरण डेहरिया की टीम ने शुक्रवार को इस गोदाम पर छापा मारा था। पुलिस को गोदाम में बोरियों में छिपाकर रखे गए बम के खोल मिले, जिससे तुरंत पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

जबलपुर कनेक्शन की जांच जारी

पुलिस ने इस संदिग्ध बम के जबलपुर कनेक्शन की जांच भी शुरू कर दी है। बता दें कि कुछ समय पहले जबलपुर में कबाड़ियों के घरों से बम मिलने की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद से बैतूल पुलिस कबाड़ियों के गोदामों पर नजर रखे हुए थी। बैतूल में एयर फोर्स से जुड़े संस्थानों की सुरक्षा को देखते हुए यह जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है। कबाड़ी नईम ने बताया कि जब बम के खोल गोदाम में आए थे, तब वह वहां मौजूद नहीं था। उसने यह भी कहा कि उसके कर्मचारी ने यह खोल किसी बर्तन वाले से लिए थे, जो दिखने में टुकड़ों में थे। नईम ने इसे गलती बताया और कहा कि बोरियों को खोल कर देखा भी नहीं गया था। उन्होंने अंदेशा जताया कि यह बम के खोल आमला या पंचामा इलाके के किसी ग्रामीण से आए हो सकते हैं।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुर्गी चौक से खंजानपुर की ओर जाने वाले मार्ग को सील कर दिया है। इलाके के लोगों को किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छूने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने गोदाम के आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं, और पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस अन्य कबाड़ खानों की भी जांच कर रही है, ताकि किसी भी अन्य संभावित खतरे को टाला जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button