Big action by police in Betul against ganja smugglerगांजा तस्कर के खिलाफ बैतूल में पुलिस का बड़ा एक्शन, लगातार पांचवीं गिरफ्तारी

बैतूल। बैतूल में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। ताजा मामले में, पुलिस ने गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पिछले चार दिनों में यह पांचवीं गिरफ्तारी है, जिसने तस्करों में हड़कंप मचा दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सफेद टीशर्ट और काई रंग का लोवर पहने एक दुबला-पतला युवक, काले बैग में गांजा लेकर प्रशांत ढाबा के सामने बंद दुकान के पास खड़ा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम अनिकेत पिता अरुण पाठक (20) निवासी पंडाग्रे आटा चक्की के पास अर्जुन नगर थाना गंज बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को अनिकेत के पास से 4 किलो 074 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बैतूल पुलिस की इस मुस्तैदी से मादक पदार्थों के तस्करों में खलबली मच गई है।




