Collector Handed Over Notice : लाड़ली लक्ष्मी योजना का लक्ष्य अधूरा, बैतूल कलेक्टर ने जिम्मेदारों को थमाए नोटिस
प्रभात पट्टन एवं घोड़ाडोंगरी विकासखंड में लाड़ली लक्ष्मी योजना का लक्ष्य अधूरा

Collector Handed Over Notice : बैतूल। महिला एवं बाल विकास अधिकारियों के साथ विभागीय गतिविधियों के सुचारू संचालन एवं परिणामों की समीक्षा करते हुए बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कड़ी नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना की समीक्षा करने के दौरान पाया गया कि प्रभात पट्टन विकासखंड में 69.7 प्रतिशत एवं घोड़ाडोंगरी विकासखंड में 60.7 प्रतिशत प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं। लक्ष्य से कम प्रकरण स्वीकृत करने पर संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 12 परियोजनाओं में 6671 प्रकरण स्वीकृत करने का लक्ष्य निर्धारित था। तीन माह में 1668 प्रकरण स्वीकृत किए जाने थे जिसके विरुद्ध 1372 प्रकरण ही स्वीकृत किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना में तीन परियोजनाओं बैतूल शहरी, सारनी एवं आठनेर में आनुपातिक लक्ष्य की प्राप्ति की गई है। सर्वाधिक बैतूल शहरी परियोजना में 426 वार्षिक लक्ष्य निर्धारित था। इसमें त्रैमासिक लक्ष्य 107 के विरूद्ध 115 प्रकरण स्वीकृत किए गए जो 108 प्रतिशत रहा।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि अधिकारी अपनी मैदानी कार्यकर्ताओं को कहें कि वे टीकाकरण के काम को निर्धारित समय पर नियमित रूप से करें। अधिकारी प्रयास करें कि एक दिन में एक से अधिक गांव कवर करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपको अपने प्रयासों में और अधिक गति लाना होगी। परिणाम संतोषजनक नहीं है। आगामी बैठक तक अपने लक्ष्य को पूरा करें।
आंगनवाड़ी केन्द्रों की समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले में 2344 आंगनवाड़ी केन्द्र एवं मिनी केंद्र संचालित हैं। इनमें 1690 केन्द्र विभागीय भवनों में संचालित हैं, जबकि अन्य शासकीय भवनों में 318 एवं किराये के भवन में 336 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित है। सर्वाधिक भीमपुर में 315 आंगनवाड़ी केन्द्र एवं मिनी केन्द्र संचालित है। इसी तरह आमला में 219, आठनेर 158, बैतूल ग्रामीण. 258, बैतूल शहरी 89, भैंसदेही 227, चिचोली 165, घोड़ाडोंगरी 313, मुलताई 171, प्रभातपट्टन 161, सारनी 78 एवं शाहपुर 193 आंगनवाड़ी एवं मिनी केंद्र संचालित है। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत कक्षा छटवीं से स्नातक की 20593 छात्राओं को छात्रवृत्ति का वितरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2024 तक लंबित छात्रवृत्तियों एवं उसके पश्चात शेष छात्रवृत्तियों का भुगतान किया जाएगा।




