Kidnapping And Rape : किशोरी को घर ले गया एंबुलेंस चालक, तीन दिन कैद रखकर किया दुष्कर्म

Kidnapping And Rape : बैतूल। काेतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम दनोरा निवासी एंबुलेंस चालक ने अपनी नानी के घर पैदल जा रही 17 वर्षीय किशोरी को घर पहुंचाने का झांसा दिया और अपने घर ले जाकर तीन दिन बंधक बनाए रखा। किशोरी के साथ उसने दुष्कर्म भी किया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी खेड़ी से पैदल अपनी नानी के घर जा रही थी। रास्ते में उसे जीन दनोरा निवासी महेंद्र गिरी गोस्वामी मिला जिसने उसे नानी के घर पहुंचाने का झांसा देकर एंबुलेंस में बिठा लिया। वह उसे ताप्ती नदी के पास से वापस दनोरा अपने घर लेकर गया और मारपीट कर दुष्कर्म का शिकार बनाया। आरोपित ने किशोरी से कहा कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई है और दो बच्चे हैं वह उससे शादी कर ले।
तीसरे दिन किशोरी ने आरोपित के मोबाइल से अपने भाई को लोकेशन भेजी तब आराेपित ने उसे बस में बिठाकर नानी के घर पहुंचाया। पीड़िता ने खेड़ी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो उन्हें कोतवाली भेज दिया गया। इसके बाद वे कोतवाली पहुंचे और पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।




