husband and wife living separately united: संत शिरोमणि रविदास समाज विकास समिति की पहल से एक हुए अलग रह रहे पति-पत्नी
समिति की पहली बैठक में सुलझा पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी ने ली साथ रहने की प्रतिज्ञा

बैतूल। संत शिरोमणि रविदास समाज विकास समिति की बैठक में पिछले एक वर्ष से अलग रह रहे पति-पत्नी सीता और नवीन महोबे पुनः एक हो गए। समिति के जिला अध्यक्ष मुकेश झारे ने बताया कि सीता और नवीन का विवाह लगभग पांच वर्ष पहले हुआ था, लेकिन पारिवारिक विवादों के कारण पिछले एक साल से वे अलग-अलग रह रहे थे। नवीन ने समाज के समक्ष इस विवाद का समाधान करने का आवेदन दिया था।
समिति की प्रथम बैठक में ही इस पारिवारिक विवाद का निराकरण हो गया। सास-बहू के बीच के विवाद और पति-पत्नी के बीच शक के कारण उत्पन्न समस्याओं को हल करते हुए, समिति ने दोनों को पुनः एक साथ आने के लिए प्रेरित किया। बैठक के दौरान समिति ने पति-पत्नी को फूल मालाएं पहनाई और उन्होंने खुशी-खुशी साथ रहने का संकल्प लिया।
समिति के सचिव कृष्ण कुमार बिंझाड़े ने बताया कि बैठक में और भी कई प्रकरण आए थे, जिनके निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। समाज में जमीनी विवाद और पारिवारिक विवादों को सामाजिक स्तर पर सुलझाने के लिए समिति निरंतर प्रयासरत है। बैठक की अध्यक्षता सभापति रामपाल पहाड़े मुलताई ने की। बैठक संत रविदास मंगल भवन ताप्ती तट मुलताई में आयोजित की गई।
— सामाजिक स्तर पर विवादों के निराकरण से बढ़ रही है समाज में एकता–
सामाजिक स्तर पर ऐसे विवादों का निराकरण होने के चलते समाज में एकता और सहयोग की भावना बढ़ रही है। संत शिरोमणि रविदास समाज विकास समिति की यह पहल निश्चित रूप से समाज के अन्य विवादों को भी सुलझाने में सहायक सिद्ध होगी। समिति का प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रकरणों का समाधान किया जा सके।
— अपील: विवादों में कोर्ट-कचहरी के चक्कर से बचे समाज-
जिला अध्यक्ष मुकेश झारे ने बताया कि ऐसे विवादों का सामाजिक स्तर पर सरल तरीके से निराकरण हो जाता है। कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने से दोनों परिवारों का समय और आर्थिक नुकसान होता है, वहीं पति-पत्नी दोनों के जीवन में संकट उत्पन्न होता है और भविष्य में बच्चों का जीवन भी प्रभावित होता है। सामाजिक स्तर पर समाधान से न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि परिवारों को एक स्थिर और खुशहाल जीवन जीने का अवसर भी मिलता है।
— बैठक में यह रहे मौजूद–
संत शिरोमणि रविदास समाज विकास समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में समन्वयक गणेश मोहबे, फत्तू मोहबे, बिंदु मोहबे, चिंध्या मोहबे, धनलाल बिंझाड़े, बलराम बामने, गुलाब बड़खाने, अविनाश बिंझाड़े, दिनेश मोहबे, कमलेश मोहबे, कृष्ण कुमार मोहबे सुनील मोहबे, गजेश मोहबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




