Weather News: वोटिंग के दिन बैतूल में बारिश के आसार, कई जिलों में छाए रह सकते हैं बादल

Weather News: मध्यप्रदेश में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार बन रहे हैं। बैतूल में सोमवार को सुबह से ही आसमान पर बादल नजर आ रहे हैं और हल्की बूंदा बांदी भी हो रही है।
लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान सात मई को होना है। इसी बीच मौसम विभाग के द्वारा कई जिलों में मौसम बदलने से वर्षा और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में तो सात मई मंगलवार को गरज चमक के साथ वर्षा की संभावना भी है। यदि वर्षा होती है तो लोकसभा चुनाव में मतदान पर भी असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ईरान और पाकिस्तान के आसपास दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मध्यप्रदेश में छह मई यानि सोमवार से मौसम में बदलाव आ सकता है। सोमवार को ही बैतूल समेत प्रदेश के अन्य संसदीय क्षेत्र में मतदान दलों को मतदान केंद्र के लिए सामग्री लेकर रवाना किया जाएगा।

मंगलवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि सात मई यानि मतदान दिवस पर भोपाल, विदिशा, सागर में बादल बने रह सकते हैं और तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बैतूल जिले में तो गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।
दरअसल मौसम में यह बदलाव वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान पर द्रोणिका के रूप में बन जाने से होगा। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ भी द्रोणिका के रूप में पाकिस्तान पर सक्रिय है। राजस्थान एवं मराठवाड़ा पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद हैं। इसके अलावा मराठवाड़ा से लेकर विदर्भ एवं छत्तीसगढ़ से होते हुए मेघालय तक एक द्रोणिका बनी हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर हवाओं के साथ नमी आने की वजह से रविवार को प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। सोमवार-मंगलवार को प्रदेश में बादल छाने के साथ साथ कई जगह गरज-चमक और बैतूल जिले में वर्षा होने के आसार भी हैं।




