suicide: बेटे को गमछे से अपने साथ बांधकर ट्रेन के सामने खड़ा हो गया पिता
चीखती रही पत्नी, कटकर दाेनों की दर्दनाक मौत

बैतूूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शुक्रवार को अल सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पिता ने अपने 12 साल के बेटे को अपने शरीर पर गमछे से बांधकर ट्रेन के सामने खड़े होकर मौत को गले लगा लिया। उसने पत्नी को भी अपने साथ खींचा लेकिन वह छूटकर किनारे हो गई और चीखती रही लेकिन धड़धड़ाती ट्रेन दोनों को काल के गाल में समा ले गई।
बेहद दर्दनाक हादसा बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम घोड़ावाड़ी गांव के समीप से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर शुक्रवार को अल सुबह घटित हुआ है। रानीपुर थाना प्रभारी अवधेश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह रेलवे से सूचना मिली थी कि घोड़ाडोंगरी और धाराखोह स्टेशन के मध्य स्थित ग्राम घोड़ावाड़ी के समीप से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटकर दो लोगाें की मौत हो गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया तो पटरी के आसपास दो शव पड़े हुए थे। दोनों की पहचान ग्राम मेहकार निवासी 45 वर्षीय सम्मू सलाम और उसके 12 वर्षीय पुत्र दुर्गेश के रूप में की गई। मृतक की पत्नी सुम्मी ने पुलिस को जानकारी दी है कि वह पति और बेटे के साथ गुरुवार को ग्राम भोपाली में महादेव मेला पूजन अर्चना करने के लिए गए थे।रात में पूजन करने के बाद अल सुबह पैदल अपने गांव जा रहे थे। ग्राम घोड़ावाड़ी के पास सम्मू ने अचानक ही अपने बेटे दुर्गेश को गमछे से बांधा और उसे साथ लेकर रेल पटरी पर खड़ा हो गया। सुम्मी ने उसे पटरी से हटाने का प्रयास किया तो वह उसे भी साथ में पकड़कर खड़ा करने लगा। उसने दोनों को पटरी से हटाने का प्रयास किया लेकिन सामने से ट्रेन आ गई और उसकी टक्कर से दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। रानीपुर पुलिस ने घोड़ाडोंगरी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव परिजननों के सुपुर्द कर दिए हैं। अपनी आंखों के सामने ही पति और बेटे की मौत से पत्नी बेहद सदमे में है इस कारण पुलिस के द्वारा उससे विस्तार से पूछताछ नहीं की जा सकी है। हालांकि पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि तीनों किसी भगत भुमका के पास जा रहे थे। इसी दौरान ऐसा क्या हुआ कि बेटे को साथ लेकर पिता ने अपने साथ उसकी भी जान ले ली। पुलिस विवेचना कर रही है जिससे आत्महत्या का वास्तविक कारण सामने आ जाएगा।इस दर्दनाक हादसे से गांव में मातम पसर गया है।




