campaign: क्रांतिकारी के नाम पर महाविद्यालय के लिए फिर उठी आवाज 

नामकरण समिति की मुहिम में एबीवीपी संगठन भी हुआ शामिल

बैतूल। शासकीय महाविद्यालय भैंसदेही के नामकरण को लेकर वीर रामजी भाऊ कोरकू नामकरण समिति और ट्राइबल-5 टीम के युवा विगत छः महीने से लगातार संघर्ष कर रहे है। शासन प्रशासन को ज्ञापन देने सहित पैदल यात्रा, विधायक, सांसद, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम सभा एवं समस्त जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाकात कर उन्हें भी अवगत कराया। आदिवासी कोरकू कल्याण समिति वर्ष 2018 से शासकीय महाविद्यालय भैंसदेही का नामकरण वीर रामजी भाऊ कोरकू करने को लेकर मुहिम चला रहा है।

वीर रामजी भाऊ कोरकू नामकरण समिति के अध्यक्ष महादेव बेठे कोरकू ने बताया कि सन् 1930 मालेगांव जंगल सत्याग्रह आंदोलन के नेतृत्वकर्ता ताम्रपत्र सम्मानित वीर रामजी भाऊ कोरकू को पहचान दिलाने के लिए अखिल भारतीय विधार्थी परिषद ने आगे आकर इस मुहिम को समर्थन दिया। महादेव बेठे ने इसके लिए एबीवीपी संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शासकीय महाविद्यालय भैंसदेही के विद्यार्थियों का भी आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के नामकरण के लिए 150 छात्र-छात्राओं ने भैंसदेही महाविद्यालय से बैतूल पहुंच कर रामजी भाऊ कोरकू नामकरण में अपनी भूमिका निभाई। वीर रामजी भाऊ कोरकू नामकरण समिति ने शासन प्रशासन से आशा व्यक्त की है कि शासकीय महाविद्यालय भैंसदेही का नामकरण जल्द वीर रामजी भाऊ कोरकू के नाम से कराएं ताकि स्थानीय क्रांतिकारी योद्धा को सम्मान मिल सकें। इस अभियान में नामकरण समिति के उपाध्यक्ष करण चढ़ोकार, सचिव शुभम बारस्कर, ट्राइबल 5 की टीम के साथ कॉलेज के 150 छात्र छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button