Religion: आखतवाड़ा प्राचीन शिव मंदिर में रुद्राभिषेक के साथ होगा विशाल भंडारा
आयोजन का तीसरा वर्ष, आसपास के ग्रामों के हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल

बैतूल। खेड़ी सावलीगढ़ से उत्तर दिशा में लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित आखतवाड़ा के प्राचीन शिव मंदिर में रविवार 10 मार्च को भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। शिव मंदिर भंडारा आयोजन समिति के नितिन मिश्रा अधिवक्ता ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बैतूल में जिले में पधारे सभी शिव भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा यहां विगत 3 वर्षों से विशाल भंडारा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसादी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में आसपास के ग्राम के हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। आज 10 मार्च रविवार को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा आयोजित होगा। उल्लेखनीय है कि खेड़ी सांवलीगढ़ के पास आखतवाड़ा राजपूत पूर्वजों का प्रथम पड़ाव स्थल माना जाता है। समिति द्वारा प्रतिवर्ष यहां विशाल भंडारा का आयोजन किया जाता है। मंदिर समिति के नितिन मिश्रा अधिवक्ता व गोकुल सिंह चौहान, पवन हरने, करम पटेल ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक आयोजन में उपस्थित होने का आग्रह किया।




