Mahashivratri : छोटा महादेव में दरकती पहाड़ी भी नहीं रोक पाई भक्ताें की आस्था, हजारों की उमड़ी भीड़

Mahashivratri : बैतूल। मध्यप्रदेश में छोटा महादेव के नाम से विख्यात बैतूल जिले के भोपाली में स्थित शिवधाम में महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को भक्तों की ऐसी भीड़ जुटी कि सुबह से देर रात्रि तक पैर रखने की जगह भी नहीं मिल रही थी। महादेव पहाड़ी की जिस गुफा में विराजे हैं वह तीन हिस्सों में दरकने लगी है। गहरी दरारें आ जाने के कारण गुफा में भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया गया है इसके बाद भी आस्था रत्ती भर भी कम नही हुई बल्कि पिछले वर्ष की तुलना में दो गुना हो गई।

गुरुवार से ही बाबा के दरबार में एकत्र हुए भक्तों ने सुबह सबसे पहले पहाड़ी की गुफा के मुहाने पर पहुंचकर बाबा की पूजा अर्चना की और उनसे खुशहाली की कामना की। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों और जिले से भक्तों के पहुंचने का क्रम प्रारंभ हो गया। महादेव की गुफा के बाहर ही प्रशासन के द्वारा एलईडी टीवी लगा दी गई थी जिससे भक्तों को बाबा के दर्शन हो रहे थे।

गुफा के समीप तक जाने और वापस आने के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाई गई थी। इसी कारण से भक्ताें को दर्शन करने में कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। दोपहर एक बजे के बाद तो भक्तों की भीड़ इस कदर बढ़ी कि पुलिस को बड़ी मशक्कत करना पड़ गया।

शिव मंदिरों में लगी भीड़ :
प्राचीन शिव मंदिर कोठीबाजार में भी सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां पर श्रद्धालुओं ने शिवजी का अभिषेक किया। गुफा शिव मंदिर, खेड़ला किला, पुलिस लाइन टैगोर वार्ड स्थित मंदिर, पोस्ट आफिस परिसर, सालबर्डी, भैंसदेही का प्राचीन शिव मंदिर, पाढर स्थित पहाड़ी का मंदिर, थाना चौक स्थित महाकाल मंदिर, शनि मंदिर सहित अन्य मंदिरों में महाशिवरात्रि का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
जगह-जगह भंडारों का आयोजन:
जिले भर में शुक्रवार ग्राम एवं शहर में सैकड़ों स्थानों पर भंडारे आयोजित किए गए। कमानी गेट के पास शिवम सेवा समिति बैतूल के तत्वावधान में हर वर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भोपाली आने-जाने वाले श्रद्धालुओं प्रसादी ग्रहण करते है। तीन दिनों तक यह भंडारा आयोजित किया जाता है जिसका नौ मार्च को समापन होगा।
अनुराग टेंट सप्लायर्स के संचालक राजू पवार द्वारा भी महाशिवरात्रि के अवसर पर चक्कर रोड स्थित निवास पर भंडारे का आयोजन किया गया जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कॉलेज चौक स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार दूसरे दिन भी भंडारा जारी रहा। जिला चिकित्सालय के सामने, कालेज चौक शिव मंदिर में भी भंडारे का आयोजन किया गया। जगह-जगह शहर में सुबह से शाम तक भंडारे चलते रहे।




