स्वास्थ्य शिविर में 692 मरीजों को मिला उपचार। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया उपचार।

बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली में शनिवार 25 अप्रैल को जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से विकासखंड स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा रितेश मालवीय, उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा संजय आवलेकर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह कुशवाह, क्रांति यादव, शंकरराव चढ़ोकार और अमन आवलेकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ अभिनव शुक्ला ने बताया कि शिविर में जिला चिकित्सालय से आए मेडिसिन, शिशु रोग, नाक-कान-गला, दंत, मानसिक रोग, नेत्र रोग, आयुर्वेद और होम्योपैथी विशेषज्ञों द्वारा कुल 692 रोगियों की जांच कर उपचार प्रदान किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने शिविर आयोजन के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से ऐसे शिविरों का लाभ लेने की अपील की। 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस होने के कारण मलेरिया से बचाव के लिए नियमित जांच, लार्वा विनष्टीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। बीएमओ डॉ अभिनव शुक्ला ने मलेरिया सबकी चिंता, नियंत्रण सबकी जिम्मेदारी विषय पर शपथ दिलाई।
शिविर में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ विनोद शाक्य सहित अन्य चिकित्सा स्टाफ, बीईई अनिल कटारे, बीपीएम एकनाथ सिंह ठाकुर, बीसीएम विनीत आर्य, एमटीएस पंकज डोंगरे, एलटी, स्वास्थ्य कर्मी और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




