भीमपुर की ब्लॉक कॉलोनी में 12–13 दिनों से नहीं आया नल ।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने जनपद पंचायत से की आपूर्ति बहाल करने की मांग।

बैतूल। भीमपुर की ब्लॉक कॉलोनी में पिछले 12–13 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से मोहल्ले के लोग गंभीर परेशानी झेल रहे हैं। होली और रंगपंचमी जैसे त्योहार के समय भी नल का पानी नहीं आने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। मोहल्ले के बाहर नाले के किनारे बने गड्ढे के पास लगा एकमात्र हैंडपंप ही यहां के अधिकांश परिवारों के लिए पानी का सहारा बना हुआ है, जिस पर मोहल्ले के रहवासी और किराएदार परिवार निर्भर हैं।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामा काकोडिया ने जनपद पंचायत भीमपुर के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन देकर बताया कि यदि यह हैंडपंप भी खराब हो गया तो मोहल्ले के लोगों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कॉलोनी में लगभग 90 प्रतिशत लोग शासकीय सेवक हैं, इसलिए वे किसी जनआंदोलन में शामिल होने की स्थिति में नहीं हैं और ग्राम पंचायत भीमपुर इसका नाजायज फायदा उठा रही है। उन्होंने जनपद पंचायत से मोहल्ले की पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल कराने की मांग की है।




