भयावाड़ी में जमीन विवाद को लेकर परिवार ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, सुरक्षा की मांग

पूर्व शिकायत के बाद भी परेशान करने और धमकी देने का आरोप, कलेक्टर-एसपी से शिकायत

बैतूल। तहसील शाहपुर के ग्राम भयावाड़ी में जमीन और मकान से जुड़े विवाद को लेकर एक परिवार ने लगातार मानसिक रूप से परेशान किए जाने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता अनिल कुमार चौधरी ने इस संबंध में शाहपुर थाना प्रभारी सहित कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

शिकायत में अनिल कुमार चौधरी ने गांव के उमेश खन्ना और अनीता खन्ना पर गाली-गलौज करने, धमकी देने तथा उनके मकान और आसपास की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के दौरान मकान की सीमेंट शीट को नुकसान पहुंचने से बारिश का पानी घर में आने लगा। शिकायत में शासकीय नल-जल योजना के पाइपों को नुकसान पहुंचाने और मकान की दीवार से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इससे पहले 28 फरवरी 2026 को भी मामले को लेकर थाने में शिकायत की गई थी। उस समय संबंधित पक्ष द्वारा माफी मांगने और भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बनने देने का लिखित आश्वासन दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

अनिल कुमार का आरोप है कि इसके बावजूद 18 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे फिर विवाद की स्थिति बनी। शिकायत के अनुसार, उमेश खन्ना उनके घर के सामने आए और अभद्र व्यवहार करते हुए विवाद करने की कोशिश की। परिवार की बेटी को स्कूल जाने से रोकने और उसकी नौकरी को लेकर भी धमकी दिए जाने का आरोप शिकायत में लगाया गया है। शिकायत में विकास कुदारे, अमित नागले और रंजीत नागले के नाम भी दर्ज किए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास करने पर उनके सहयोगियों में से एक ने उमेश खन्ना से ब्याज पर रुपये लेने की बात कही, जिसके कारण उसके खिलाफ बोलने में असमर्थता जताई।

अनिल कुमार चौधरी ने शिकायत में परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button