रमा बाई आंबेडकर जयंती पर खामला में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 145 महिलाओं का हुआ उपचार

बैतूल। रमा बाई आंबेडकर जयंती के अवसर पर भैंसदेही विकासखंड के ग्राम कुकूरू खामला स्थित खामला आरोग्य केंद्र में महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्रदीपन संस्था द्वारा आयोजित यह सुआरोग्य विमेन हेल्थ कैंप सुजलॉन फाउंडेशन पुणे के सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ खामला पंचायत के सरपंच संजू अखंडे ने किया। इस अवसर पर सुजलॉन फाउंडेशन के सीनियर इंजीनियर महेश कौशिक, महेश अमूरते, सेक्टर सुपरवाइजर डॉ. मानो, सीएचओ ज्योति चौकीकर सहित अन्य मौजूद रहे।

शिविर में आरके मेमोरियल हॉस्पिटल बैतूल से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा मौसिक ने 145 महिलाओं एवं किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें 15 गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की गई और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क प्रदान की गईं।

डॉ. मौसिक ने गर्भवती महिलाओं को हरी सब्जियों, विशेषकर पालक और दाल के सेवन की सलाह दी। उन्होंने सकारात्मक सोच बनाए रखने, नकारात्मक विचारों से दूर रहने और सुरक्षित प्रसव के लिए संस्थागत प्रसव कराने का परामर्श दिया। कुछ गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए बैतूल स्थित अस्पताल आने को कहा गया, जहां निःशुल्क सोनोग्राफी किए जाने का आश्वासन दिया गया।

– परीक्षा में सफल होने के दिए टिप्स

शिविर में 20 किशोरियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. मौसिक ने परीक्षा के डर को दूर करने के लिए उन्हें सहज तरीके से प्रश्न पत्र हल करने के टिप्स दिए और उनका मनोबल बढ़ाया। सभी किशोरियों को कैल्शियम और मल्टीविटामिन की गोलियां दी गईं। महिलाओं में अनियमित माहवारी, हाथ-पैरों में अकड़न, सूजन, श्वेत प्रदर, खुजली, सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं पाई गईं। कुछ गर्भवती महिलाओं का आंगनवाड़ी में पंजीयन नहीं होने और टीकाकरण सेवाएं न मिलने की जानकारी सामने आई, जिन्हें तत्काल पंजीयन कराने की सलाह दी गई।

– सिकल सेल से पीड़ित बालिकाएं चिन्हित

शिविर में सिकल सेल से पीड़ित बालिकाएं भी चिन्हित की गईं, जिन्हें नियमित जांच और दवा लेने की सलाह दी गई। भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आरके मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। महिला स्वास्थ्य शिविर में प्रदीपन संस्था के कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं ने खामला के सभी टोलों में घर-घर जाकर महिलाओं को शिविर में लाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में शामिल महिलाओं ने डॉ. कृष्णा मौसिक के व्यवहार और सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की। अंत में प्रदीपन संस्था ने सुजलॉन फाउंडेशन पुणे, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही और आरके मेमोरियल हॉस्पिटल बैतूल का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button