रेत के दामों पर सियासी संग्राम: बैतूल की जनता के हित में यूथ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

बैतूल। जिले में रेत के बढ़ते दामों से परेशान आम जनता के हित में यूथ कांग्रेस खुलकर मैदान में उतर आई है। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बैतूल की जनता को महंगी रेत थमाई जा रही है, जबकि बाहर के जिलों और राज्यों को वही रेत सस्ते दामों में दी जा रही है। इसे सीधे तौर पर जनविरोधी नीति बताते हुए संगठन ने प्रशासन और शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि ठेकेदार डम्फर मालिकों को धमका रहे हैं कि यदि बाहर से रेत लाई गई तो उनके डम्फर नहीं भरे जाएंगे। यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो यूथ कांग्रेस बैतूल की जनता के साथ उग्र आंदोलन करेगी।

यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय सरदार यादव ने रेत के दामों को जनविरोधी, नियमों के खिलाफ और प्रशासनिक संरक्षण में चल रही मनमानी करार दिया है।

श्री यादव ने जारी बयान में कहा कि पिछले वर्ष तक जब बैतूल जिले में रेत सीधे नदी से निकाली जा रही थी, उस समय रेत की कीमत 22 से 25 रुपये प्रति फीट के बीच थी। इसके बाद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश लागू हुए, जिनका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संसाधनों की पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करना था। नियम अनुसार जब रेत नदी से नहीं निकाली जा रही और नियंत्रित व्यवस्था लागू है, तो कीमतें कम होनी चाहिए थीं, लेकिन बैतूल में इसके ठीक उलट हुआ। पहले रेत का दाम 38 रुपये प्रति फीट तय किया गया और अब अचानक इसे बढ़ाकर 40 रुपये प्रति फीट कर दिया गया।

सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि वही बैतूल की रेत महाराष्ट्र के डम्फरों को मात्र 35 रुपये प्रति फीट की दर से दी जा रही है, जबकि बैतूल की आम जनता, स्थानीय निर्माण कार्य और छोटे उपभोक्ता उसी रेत को 40 रुपये प्रति फीट खरीदने को मजबूर हैं।

आरोप है कि रेत के इन बढ़े हुए दामों से परेशान डम्फर यूनियन जब माइनिंग विभाग में विधिवत शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो विभाग ने रेत ठेकेदारों को स्पष्ट कर दिया कि रेत के रेट कम नहीं होंगे और बैतूल जिले के बाहर से रेत लाने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। यूथ कांग्रेस ने शासन से मांग की है कि रेत के वर्तमान दामों की तत्काल समीक्षा की जाए, अन्य राज्यों में कम रेट पर रेत देने की उच्चस्तरीय जांच हो और नियमों के विरुद्ध काम करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

– जनहित में ठोस निर्णय नहीं लिया तो होगा आंदोलन 

संजय सरदार यादव ने स्पष्ट किया कि बैतूल जिला यूथ कांग्रेस आम जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। यदि शीघ्र ही जनहित में ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो यूथ कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर जिला प्रशासन को ज्ञापन देगी और शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक तरीके से इस आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button