फैसला: आमला में प्रशासन ने सर्व धर्म शांति सम्मेलन की नही दी अनुमति, सुरक्षा कारणों का दिया हवाला

Betul News: बैतूल। आमला में गगन मलिक फाउंडेशन द्वारा डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे की मुख्य भूमिका में आयोजित किए जाने वाले  सर्व धर्म शांति सम्मेलन के आयोजन की प्रशासन ने अनुमति नही दी है।
फाउंडेशन द्वारा 25 जून को आमला में अंतर राष्ट्रीय सर्वधर्म शांति सम्मेलन एवं विश्व शांति पुरूस्कार सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति  जिला प्रशासन से मांगी गई थी। इस पर गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन ने पुलिस अधीक्षक बैतूल से विस्तृत प्रतिवेदन और अभिमत प्राप्त किया गया। पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर जिला दण्डाधिकारी बैतूल के अनुमोदन से अपर जिला दण्डाधिकारी बैतूल द्वारा 21 जून को जारी आदेश में अंतर राष्ट्रीय सर्वधर्म सम्मेलन एवं विश्वशांति पुरूस्कार कार्यक्रम आयोजन की अनुमति नहीं देने तथा अनुमति संबंधी आवेदन को नस्तीबद्ध करने का उल्लेख किया है।
अपर जिला दण्डाधिकारी बैतूल द्वारा जारी आदेश में एसपी बैतूल के प्रतिवेदन का हवाला देकर अनुमति नहीं देने के कारण बताए हैं। अपर जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश में पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन का उल्लेख किया कि उक्त कार्यक्रम में श्रीलंका के न्याय मंत्री एवं 11 देशों के शांतिदूत व थाईलैण्ड के वरिष्ठ बौद्ध भिभु सम्मिलित होने वाले हैं। लेकिन अंतर्राष्ट्रीय सर्वधर्म शांति केंद्र आमला के द्वारा जो सूचना पत्र प्रस्तुत किया है उसमें वीजा की अनुमति व प्रकृति के संबंध में प्रपत्र संलग्न नहीं किया है साथ ही विदेशी नागरिकों की सुरक्षा श्रेणी के संबंध में शासन से दिशा निर्देश भी प्राप्त नहीं हुए है।
आदेश में उल्लेख किया है कि कार्यक्रम स्थल हवाई पट्टी आमला एयरफोर्स स्टेशन है जो कि सामरिक दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसी स्थिति में दस्तावेजों के अभाव में विदेशी नागरिकों की उपस्थिति में 25 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय सर्वधर्म शांति सम्मेलन एवं विश्व शांति पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित किये जाने की अनुमति दिया जाना उचित नहीं है।
प्रतिवेदन के आधार पर अपर जिला दण्डाधिकारी ने डॉ. गगन मलिक संस्थापक निदेशक- गगन मलिक फाउंडेशन एवं इंजी. सुरेश अग्रवाल अन्तर्राष्ट्रीय सर्वधर्म शांति केंद्र आमला द्वारा प्रस्तुत अनुमति के आवेदन को नस्तिबद्ध कर दिया गया है। गुरुवार को प्रशासन ने आमला नगर में लगाए गए फ्लेक्स, होर्डिंग भी हटाने की कारवाई की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button