खुशहाल किसान और सुरक्षित जवान की कामना के साथ कोदारोटी में निकलेगी शिव बारात
बाघा बॉर्डर की मिट्टी से बनेगी 7 फीट ऊंची महाकाल प्रतिमा

बैतूल। ग्राम कोदारोटी में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व विशेष आस्था, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक संकल्प के साथ मनाया जाएगा। देश के खुशहाल किसान और सुरक्षित जवान की मनोकामनाओं को केंद्र में रखकर शिव बारात निकाली जा रही है।
भारतीय सेना के जवान विशाल इवने ने इस आयोजन को खास आयाम दिया है। वे बाघा बॉर्डर की मिट्टी तथा उज्जैन से लाए गए जल और मिट्टी से बाबा महाकाल जी की 7 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार करवा रहे हैं। इस प्रतिमा को मूर्तिकार सुनील प्रजापति आकार दे रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष रोहित यादव ने बताया कि इस बार की शिव बारात देश सेवा के जुनून और अन्नदाता किसानों की समृद्धि की कामना का संदेश भी देगी। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के पावन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में गौतम यादव, कृष्णा साहू, श्रीकांत मालवी और इशांत एवं समस्त ग्राम कोदारोटी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




