By-Election : बैतूल और आठनेर में पार्षद पद के उपचुनाव में हो रहा मतदान, भाजपा-कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर

By-Election : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नगर पालिका परिषद बैतूल के वार्ड क्रमांक-छह तथा नगर परिषद आठनेर के वार्ड क्रमांक-10 के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ हुआ है। बैतूल में मतदान धीमी गति से शुरू हुआ जबकि आठनेर में मतदाताओं में मतदान करने के लिए खासा उत्साह बना हुआ है।

निकाय के वार्ड पार्षद पद के लिए होने वाले चुनाव की मतगणना 13 सितंबर 2024 को प्रातः:नौ बजे से होगी। नगरपालिका परिषद बैतूल के गांधी वार्ड क्रमांक छह में दोपहर 12 बजे तक 34 फीसद से अधिक मतदान हो चुका था जबकि आठनेर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 10 में 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान कर दिया है।

नपा बैतूल के वार्ड क्रमांक 6 में भाजपा प्रत्याशी वरूण धोटे व कांग्रेस प्रत्याशी मनोज शर्मा के अलावा निर्दलीय सोनू चुनाव मैदान में हैं। आठनेर के वार्ड क्रमांक 10 में भाजपा के मनोज तुमाने व कांग्रेस की किरण सावरकर के बीच  टक्कर है। नगर पालिका बैतूल के वार्ड क्रमांक छह कुल 2406 मतदाता हैं जिसमें पुरूष 1220 एवं 1186 महिला मतदाता शामिल हैं। आठनेर के वार्ड क्रमांक 10 में कुल 521 मतदाता हैं जिसमें 264 पुरूष व 257 महिला मतदाता शामिल हैं।

सरपंच एवं पंच पद के लिए भी हो रहा मतदान:

जनपद पंचायत शाहपुर की ग्राम पंचायत देशावाड़ी के एक पंच तथा जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी की ग्राम पंचायत अनकावाड़ी के सरपंच पद के निर्वाचन तथा 11 पंचों के निर्वाचन के लिए मतदान हो रहा है। पंच का निर्वाचन मतपत्र से तथा सरपंच का निर्वाचन ईवीएम से हो रहा है।

पंच पद के मतों की गणना मतदान के बाद अपरान्ह तीन बजे के पश्चात संबंधित मतदान केन्द्र पर की जाएगी तथा सरपंच की मतगणना 15 सितंबर 2024 को शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल घोड़ाडोंगरी में सुबह आठ बजे से की जाएगी। मतदान के दौरान सतत निगरानी तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराए जाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जोनल ऑफिसर एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button