रेल हादसे: ईयर फोन लगाकर पटरी पार कर रहा युवक पुरी एक्सप्रेस से टकराया, मेमो ट्रेन से गिरी महिला

Train Accident : बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में रविवार को रेल हादसे का शिकार होने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक को ईयर फोन लगाकर पटरी पार करना अपनी जिंदगी को दांव पर लगाने का कारण बन गया जबकि एक महिला मेमो ट्रेन से गिर गई। दोनों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बाजपुर निवासी 23 वर्षीय दुर्गेश बोरसे रविवार को सुबह घर से ईयर फोन लगाकर घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन के पास पटरी के किनारे घूम रहा था। इसी दौरान जोधपुर पुरी एक्सप्रेस पटरी पर आ गई और वह उससे टकरा गया। घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से करीब 50 मीटर दूर हुई इस घटना में एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने युवक को पटरी के पास से गुजरते देखा तो ट्रेन को रोकने का प्रयास किया लेकिन ट्रेन के रूकने से पहले युवक उससे टकरा गया। जीआरपी पुलिस ने घायल अवस्था में उसे घोड़ाडोंगरी के अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर जोधपुर पुरी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा।
मेमो ट्रेन से गिरी महिला
दूसरी घटना बैतूल रेलवे स्टेशन पर पर घटित हुई। आमला निवासी 65 वर्षीय शकुल बाई मेमो ट्रेन में सवार होकर आमला से बैतूल आ रही थी । इसी दौरान बैतूल रेलवे स्टेशन पर मेमो ट्रेन के रुकने के पहले ही यह महिला चलती मेमो ट्रेन से उतरने लगी जिससे वह प्लेटफार्म पर गिर गई। इससे उसे गंभीर चोट आई। जीआरपी ने गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार किया जा रहा है।




