मां ताप्ती घाट घोघरा में प्याऊ का शुभारंभ।

जल गंगा संवर्धन अभियान को मिला जनसहयोग। 15 मटकों से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था शुरू। जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन।

बैतूल। भीमपुर विकासखंड अंतर्गत घोघरा स्थित मां ताप्ती तीर्थ घाट पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह पहल मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक सुश्री प्रिया चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक राजू मांडवे के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था जन आस्था सेवा समिति घोघरा द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान 15 मटकों में पानी भरकर श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई, जिससे गर्मी के मौसम में घाट पर आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम का आयोजन 9 अप्रैल को किया गया, जिसमें विकासखंड समन्वयक राजू मांडवे एवं विकास कुमरे की उपस्थिति रही। इस दौरान समिति के सदस्यों ने मिलकर प्याऊ का निर्माण एवं संचालन सुनिश्चित किया। आयोजन में ग्राम पंचायत चौहटा पोपटी के सरपंच राम किशोर धुर्वे, सचिव पन्नालाल पंडोले, मुन्ना बारस्कर, मनीष उइके सहित जन आस्था सेवा समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

प्याऊ के माध्यम से घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया। अभियान के तहत जल संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे प्रयास आगे भी जारी रखने की बात कही गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button